उससे बढ़कर 1969 के कांग्रेस विभाजन के समय उनकी सलाह पर ही इंदिरा गांधी ने महत्वपूर्ण फैसले लिए। उनकी ही सलाह पर इंदिरा ने ये बहाना करते हुए मोरारजी देसाई से वित्त मंत्रालय ले लिया कि वो बैंक राष्ट्रीयकरण का विरोध कर रहे थे।
चार दिनों के बाद इंदिरा गांधी ने राष्ट्रपति अध्यादेश के जरिए बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया हालांकि उसके कुछ दिनों बाद ही संसद का अधिवेशन शुरू होने वाला था। हक्सर की राय थी कि अध्यादेश के जरिए बैंकों के राष्ट्रीयकरण से ये संदेश जाएगा कि ये इंदिरा गांधी का निजी फैसला है।
सबसे ताकतवर नौकरशाह : हक्सर एक चुम्बकीय व्यक्तित्व के मालिक थे। पढ़े लिखे थे, मजाकिया थे और उनमें बातचीत करने का गजब का सलीका था। मेनस्ट्रीम के संपादक निखिल चक्रवर्ती उनके सबसे प्रिय दोस्त थे। हक्सर की बेटी नंदिता हक्सर ने एक दिलचस्प बात मुझे बताई कि मेनस्ट्रीम के कई संपादकीय पीएन हक्सर लिखा करते थे, लेकिन उनका नाम कभी भी पत्रिका में नहीं छपा।
इंदिरा गांधी को हक्सर के घर के बने कोफ्ते बहुत पसंद थे। अक्सर जब उनका दिल चाहता तो वो इसकी फरमाइश करतीं। उनका ख्याल था कि ये कोफ्ते हक्सर का खानसामा तैयार करता था। वास्तव में ये कोफ्ते हक्सर अपने हाथों से इंदिरा गांधी के लिए खुद बनाया करते थे।
उनका रौब ऐसा था कि कई बार तो उनके कमरे में घुसते ही मंत्री भी उठ कर खड़े हो जाते थे। उनकी याद्दाश्त का भी कोई जवाब नहीं था। दुनिया भर की घटनाएं और तारीखें उन्हें इस तरह से याद रहती थी जैसे वो उनकी डायरी में लिखी हों।
किसी भी चीज का विष्लेषण हक्सर से अच्छा कोई कर नहीं सकता था। हिंदी और अंग्रेजी दोनों पर उन्हें बराबर की महारत थी। वो उन गिने चुने नौकरशाहों मे थे जो संस्कृत में भी बात कर सकते थे। अल्लामा इकबाल का ये शेर वो अक्सर गुनगुनाया करते थे-
यूनान- ओ- मिस्र ओ- रूमा सब मिट गए जहां से
अब तक मगर है बाकी नामोनिशां हमारा
कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी
सदियों रहा है दुश्मन दौरे जमां हमारा
कमिटेड ब्यूरोक्रेसी : ये उन्हीं की बूता था कि उन्होंने साठ के दशक में प्रधानमंत्री कार्यालय के कैबिनेट सचिव के कार्यालय से भी महत्वपूर्ण बना दिया था। 1967 से 1973 तक वो संभवत: सरकार के सबसे प्रभावशाली और ताकतवर शक्स थे।
उन्होंने ही पहली बार ‘कमिटेड ब्यूरॉक्रेसी ’ की विवादास्पद परिकल्पना दी थी जिस पर उनकी काफी आलोचना भी हुई। 1971 के युद्ध से पहले सोवियत संघ के साथ हुए समझौते में भी हक्सर की छाप साफ दिखाई देती थी।
वो 1971 मे ही इंदिरा गांधी के साथ अमेरिकी यात्रा पर गए। उन्होंने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के व्यक्तित्व का बहुत बारीक आकलन इंदिरा गांधी के सामने पेश किया। उन्होंने ही इंदिरा गांधी को बताया कि जब निक्सन दबाव में होते हैं तो उनको बेतहाशा पसीना आता है।
संजय से अलग रहने की सलाह : इंदिरा गांधी के आसपास के लोगों में से कई लोग उनके बेटे संजय गांधी की हरकतों से खुश नहीं थे लेकिन उनमें से किसी की हिम्मत नहीं थी कि वो इस बारे में उनसे बात कर पाएं। ये हक्सर का ही बूता था कि उन्होंने इंदिरा गांधी को सलाह दी थी कि वो संजय को दिल्ली से कहीं दूर भेज दें ताकि उनसे जुड़े सारे विवाद अपने आप मर जाएं।
इंद्र कुमार गुजराल अपनी आत्मकथा मैटर्स ऑफ डिसक्रेशन में लिखते हैं, 'हक्सर इस हद तक गए कि उन्होंने इंदिरा से कहा कि आप संजय से अलग रहना शुरू कर दें। इस पर उनका जवाब था कि हर कोई संजय पर हमला कर रहा है। कोई उसके बचाव में नहीं आ रहा है। उसके बारे में हर तरह की गलत कहानियां फैलाई जा रही हैं। हक्सर ने कहा कि इसीलिए तो मेरा मानना है कि आपको कुछ समय के लिए संजय से कोई वास्ता नहीं रखना चाहिए क्योंकि इसकी वजह से आपको नुकसान हो रहा है।'
जाहिर है कि इंदिरा ने हक्सर की बात नहीं मानी और ये बातचीत बहुत अप्रिय परिस्थतियों में समाप्त हुई और इसकी उन्हें बड़ी कीमत भी चुकानी पड़ी। 1973 में उन्हें इंदिरा गांधी के प्रधान सचिव के पद से हटा कर योजना आयोग का उपाध्यक्ष बना दिया गए। नेहरू के जमाने में योजना आयोग की बहुत ठसक थी लेकिन हक्सर के समय तक सुनील खिलनानी के शब्दों में कहा जाए तो योजना आयोग ‘एक सॉफिस्टिकेटेड अकाउंट दफ्तर और हाशिए पर लाए गए लोगों का घर बन गया था।’
महान परमाणु वैज्ञानिक राजा रामन्ना ने उनके बारे में एक दिलचस्प बात लिखी थी, 'जब तक इंदिरा गांधी ने हक्सर की बात सुनी वो जीत पर जीत अर्जित करतीं गईं, चाहे वो बांगलादेश हो, निक्सन हों, जुल्फ़िकार अली भुट्टो हों या परमाणु परीक्षण हो। लेकिन जैसे ही उन्होंने हक्सर को हटा कर अपने छोटे बेटे की बात सुननी शुरू कर दी, उनकी आफते वहीं से शुरू हो गईं। इसे मात्र संयोग ही नहीं कहा जा सकता कि हक्सर के जाने के बाद ही भिंडरावाला आए, ऑप्रेशन ब्लू स्टार हुआ, संजय की मौत हुई और खुद उनकी हत्या हुई।'(मेमोरीज ऑफ़ पीएन हक्सर)
नरसिम्हा राव को प्रधानमंत्री बनवाने में भूमिका : पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने एक बहुत दिलचस्प बात मुझे बताई। राजीव गांधी की मौत के बाद ये सवाल उठ खड़ा हुआ कि उनका उत्तराधिकारी कौन हो।
नटवर सिंह ने सोनिया गांधी को सलाह दी कि इस बारे में उन्हें पीएन हक्सर से मशवरा करना चाहिए। हक्सर को 10 जनपथ बुलाया गया। उन्होंने सलाह दी की तत्कालीन उप राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा इस पद के लिए सबसे उपयुक्त हैं।
नटवर सिंह और अरुणा आसफ अली को ये जिम्मेदारी दी गई कि वो शंकरदयाल शर्मा का मन टटोलें। शंकरदयाल ने इन दोनों की बात सुनने के बाद कहा,'मैं इस बात से बहुत अभिभूत हूं कि सोनियाजी ने मुझमें इतना विश्वास प्रकट किया। लेकिन भारत का प्रधानमंत्री होना एक फुल टाइम जॉब है। मेरी उम्र और मेरा स्वास्थ्य मुझे इस देश के सबसे महत्वपूर्ण पद के साथ न्याय नहीं करने देगा।’
अब हैरान होने की बारी नटवर सिंह की थी। एक बार फिर सोनिया गांधी ने हक्सर को बुलाया। इस बार हक्सर ने नरसिम्हाराव का नाम सुझाया। आगे की घटनाएं इतिहास हैं।