Hanuman Chalisa

महागठबंधन जीता तो रिमोट से सरकार चलाएंगे लालू : मोदी

Webdunia
शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2015 (12:13 IST)
सासाराम। ‘जंगल राज’ के खतरे के प्रति फिर से आगाह करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि यदि बिहार में महागठबंधन सत्ता में आया तो लालू रिमोट कंट्रोल से राज्य को चलाएंगे और राज्य में एकमात्र अपहरण का उद्योग ही फले फूलेगा।
 
12 अक्टूबर से शुरू हो रहे बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व सासाराम और औरंगाबाद में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मोदी ने पिछले 60 साल में राज्य में अपने शासन का लेखा-जोखा नहीं देने के लिए नीतीश कुमार, लालू प्रसाद और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रचार अभियान में उनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं है, सिवाय उन्हें गाली देने के।
 
प्रधानमंत्री ने लोगों को चारा घोटाले में लालू की दोषसिद्धि की याद दिलाते हुए कहा, 'अब वह रिमोट कंट्रोल से बिहार को चलाना चाहते हैं। वह कहते हैं कि वह बिग बॉस हैं और हर किसी को अपने इशारों पर नचा सकते हैं।'
 
इस मुद्दे पर औरंगाबाद में एक अन्य चुनावी रैली में महागठबंधन पर धारदार हमले करते हुए प्रधानमंत्री ने उनकी ‘जंगल राज’ संबंधी टिप्पणी का लालू के बजाय नीतीश कुमार द्वारा विरोध किए जाने का उपहास उड़ाया।
 
उन्होंने कहा कि जब हम जंगल राज की बात करते हैं, लालू नहीं नीतीश कुमार परेशान हो जाते हैं। इन्होंने ही लालू के राज को जंगल राज कहा था। अब वह ऐसा कहने पर आपत्ति करते हैं। क्या बिहार को फिर से जंगल राज की जरूरत है? जंगल राज के दौरान कौन सा उद्योग पनपा? यह केवल अपहरण का धंधा था जो फला फूला।
 
प्रधानमंत्री ने सवाल करते हुए कहा, 'नई कारें लूट ली जाती थीं। गरीबों के घरों पर कब्जा कर लिया जाता था। क्या आप फिर से बिहार में ऐसे दिन चाहते हैं? क्या बिहार को उन दिनों में लौट जाना चाहिए?'
 
अच्छे शासन के नीतीश कुमार के वादे पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने जदयू नेता द्वारा राजद से हाथ मिलाए जाने के बाद राज्य में अपराध के आंकड़े गिनाए, जो नई अराजक स्थिति में बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके साथ आने के बाद से ही इसका प्रभाव दिख रहा है और जनवरी से जुलाई के बीच अपहरण के चार हजार मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बीती रात पटना में एक पुलिस अधिकारी को गोली मारे जाने की घटना का भी जिक्र किया।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि एक पुलिस अधिकारी सुरक्षित नहीं है तो एक आम आदमी कैसे सुरक्षित हो सकता है। अभी वे केवल साथ आए हैं और इस प्रकार का जंगल राज पहले ही आ चुका है। यदि आपने उन्हें वोट देने की गलती की तो बिहार का भविष्य क्या होगा? मेहरबानी कर बिहार को बर्बाद होने से बचा लीजिए।
 
भाजपा यह कहते हुए महागठबंधन को निशाना बना रही है कि लालू के इस गठबंधन का हिस्सा होने के कारण इसके सत्ता में आने पर बिहार में जंगल राज 2 लौट आएगा।
 
महागठबंधन के नेताओं को निशाने पर लेते हुए मोदी ने कहा, 'क्या लालू, कुमार और सोनिया गांधी को अपने 60 साल के शासन का हिसाब किताब नहीं देना चाहिए? लेकिन चुनाव प्रचार में इन तीनों ने इस पर कुछ नहीं बोला।'
 
मध्य बिहार के औरंगाबाद में मोदी ने एक रैली में कहा, 'वे दिन रात केवल मोदी को गालियां देते हैं। हर रोज सुबह वे शब्दकोश में मोदी के लिए नई गालियां ढूंढते हैं। अब तो शब्दकोश भी कम पड़ गया है। इसलिए उन्होंने नई गालियां गढ़ने की फैक्ट्री खोल ली है।
 
दलित नेता दिवंगत जगजीवन राम का निर्वाचन क्षेत्र रहे सासाराम में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद से जीतन राम मांझी को हटाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी अपने हमले की बंदूक तानी और उन पर दलितों की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया। (भाषा)
Show comments

जरूर पढ़ें

यूक्रेन ने रूस पर दागे 1000 से ज्यादा ड्रोन और क्रूज मिसाइलें, तेल डिपो में आग, मॉस्को एयरपोर्ट प्रभावित, जेलेंस्की बोले- यूक्रेन जलेगा तो रूस भी जलेगा

कथा की आड़ में 'फर्जी शादी' की साजिश, दुष्कर्म कर हड़पे लाखों रुपए और सोने-चांदी के जेवर, कथावाचक पवनदेव फरार

पूर्व PM के बेटे के साथ Cyber Fraud, 7.8 करोड़ रुपए की ठगी, कैसे फंसे जालसाजों के जाल में

Electric Scooter खरीदने से पहले 14 जरूरी बातें जो आपके लिए जानना जरूरी

राहुल गांधी के साथ कोटा में खड़ा हुआ Gen-Z, NEET पेपर लीक और देश के एजुकेशन सिस्‍टम का किया पोस्‍टमार्टम

सभी देखें

नवीनतम

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई पर अमेरिकी जांच, मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार के आरोपों की पड़ताल तेज

PM मोदी-ट्रंप बैठक का असर, अंतिम चरण में पहुंचा भारत-अमेरिका व्यापार समझौता

PM Modi in Paris : पेरिस में बोले PM मोदी - 12 साल में दोगुनी हुई भारत की GDP, एयरपोर्ट और यूनिवर्सिटी की संख्या में भी बड़ा इजाफा

EPFO खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी, जल्द UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा

स्मार्ट मीटर और बिजली बिल शिकायतों के निस्तारण में पश्चिमांचल डिस्कॉम की बड़ी उपलब्धि, 46 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को राहत