Publish Date: Thu, 14 May 2026 (17:12 IST)
Updated Date: Thu, 14 May 2026 (17:14 IST)
बॉलीवुड में 'नेपोटिज्म' एक ऐसा शब्द है जिस पर अक्सर बहस छिड़ जाती है, लेकिन आमिर खान के बेटे जुनैद खान ने इस मुद्दे पर जो ईमानदारी दिखाई है, उसने सभी को चौंका दिया है। हाल ही में अपनी फिल्म 'एक दिन' की असफलता और करियर के उतार-चढ़ाव पर बात करते हुए जुनैद ने वह स्वीकार किया जो अक्सर स्टार किड्स कहने से बचते हैं।
जुनैद खान ने विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान स्पष्ट कहा, "मुझे 'नेपोटिज्म' शब्द से कोई चिढ़ नहीं होती क्योंकि यह सच है। मुझे इंडस्ट्री में बहुत सारा काम सिर्फ इसलिए मिलता है क्योंकि मैं आमिर खान का बेटा हूं।
जुनैद का मानना है कि इस विशेषाधिकार को नकारने का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि उनकी पहचान ही उनके करियर की पहली सीढ़ी बनी है। इंटरव्यू में जुनैद ने कास्टिंग के पीछे के व्यापारिक गणित को भी डिकोड किया। उन्होंने बताया कि निर्माता अक्सर उस कलाकार को चुनते हैं जिसे वे आसानी से 'बेच' सकें, न कि उसे जो उस रोल के लिए सबसे फिट हो।
जुनैद के अनुसार, प्रोड्यूसर्स को अपनी फिल्म बेचनी होती है, इसलिए वे उसे ही साइन करेंगे जिसकी मार्केट वैल्यू हो। उनकी प्राथमिकता फिल्म की बेहतरी से ज्यादा कमर्शियल वायबिलिटी होती है। वे यह नहीं देखते कि कौन सा एक्टर किरदार में फिट है, बल्कि यह देखते हैं कि किसे प्रमोट करना आसान है।
2 फ्लॉप के बाद भी काम
अपनी पिछली फिल्मों (महाराज और लवयापा) और हालिया रिलीज 'एक दिन' के बॉक्स ऑफिस पर ठंडे प्रदर्शन पर जुनैद ने मजाकिया लहजे में कहा, सर, अभी 2 फ्लॉप के बाद काम मिल रहा है, काम करने दीजिये ना। यह बयान दर्शाता है कि वे अपनी स्थिति से पूरी तरह वाकिफ हैं। उन्हें पता है कि एक बाहरी व्यक्ति के लिए दो असफलताओं के बाद टिके रहना नामुमकिन होता, लेकिन एक स्टार किड होने के नाते उन्हें अभी भी मौके मिल रहे हैं।
पिता के साये से बाहर निकलने की कोशिश
आमिर खान के साथ अपने रिश्तों पर बात करते हुए जुनैद ने साफ किया कि अब वे अपनी एक स्वतंत्र पहचान बनाना चाहते हैं। उन्होंने खुलासा किया कि वे अब अपने पिता के साथ स्क्रिप्ट डिस्कस नहीं करते और न ही यह चाहते हैं कि आमिर उनके लिए फिल्में प्रोड्यूस करें।
'एक दिन' में साई पल्लवी के साथ अपनी सादगी से दिल जीतने के बाद, जुनैद अब अलग जॉनर में हाथ आजमाने जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, वे एकता कपूर की 'रागिनी एमएमएस 3' में तमन्ना भाटिया के साथ नजर आ सकते हैं। इसके अलावा उनके पास 'हंस दे मेरी जान' जैसा प्रोजेक्ट भी पाइपलाइन में है।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें