Publish Date: Thu, 14 May 2026 (16:54 IST)
Updated Date: Thu, 14 May 2026 (16:57 IST)
उत्तर प्रदेश की पावन नगरी अयोध्या इस समय न केवल आध्यात्मिक केंद्र है, बल्कि वैश्विक निवेश और बॉलीवुड सितारों की पहली पसंद भी बन चुकी है। अयोध्या में कई बॉलीवुड सेलेब्स जमीन खरीद रहे हैं। अब इनमें एक नाम नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्' में भगवान राम का रोल निभा रहे रणबीर कपूर का भी जुड़ गया है।
रणबीर कपूर ने अयोध्या में एक बड़ा प्रॉपर्टी निवेश किया है। खबरों के अनुसार रणबीर ने 'द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा' (HoABL) के प्रीमियम प्रोजेक्ट 'द सरयू' में एक प्लॉट खरीदा है, जिसकी कीमत लगभग 3.31 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रणबीर कपूर अयोध्या में निवेश करने वाले दूसरे सबसे बड़े बॉलीवुड स्टार बन गए हैं। उनसे पहले सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने इसी प्रोजेक्ट और इसके आसपास के क्षेत्रों में कई निवेश किए हैं। मार्च 2026 में ही बिग बी ने 35 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी थी। अब रणबीर कपूर का इस लिस्ट में शामिल होना यह दर्शाता है कि अयोध्या का रियल एस्टेट मार्केट अब 'लक्जरी' और 'ब्रैंडेड' निवेश की तरफ तेजी से बढ़ रहा है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार रणबीर कपूर द्वारा खरीदा गया यह प्लॉट 2,134 वर्ग फुट का है। यह 'द सरयू' प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जो सरयू नदी के तट पर 75 एकड़ में फैला एक शानदार एन्क्लेव है। इस प्रोजेक्ट में एक आलीशान क्लब हाउस, 35 से अधिक लाइफस्टाइल सुविधाएं और 5 एकड़ में फैला 'द लीला' होटल शामिल है, जो पूरी तरह शाकाहारी होगा।
फिल्म 'रामायण' और अयोध्या का कनेक्शन
रणबीर कपूर का यह निवेश उनके करियर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट 'रामायण' से भी जुड़कर देखा जा रहा है। नीतेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही है, जिसका बजट 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर 'राम' की भूमिका में हैं, जबकि साई पल्लवी 'माता सीता' और यश 'रावण' का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का पहला भाग दीवाली 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें