Publish Date: Thu, 21 Jul 2022 (13:08 IST)
Updated Date: Thu, 21 Jul 2022 (13:12 IST)
निर्माता-निर्देशक केसी बोकाड़िया ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'तेरी मेहरबानियां' का सीक्वल अनाउंस किया है। सीक्वल का शीर्षक है 'टू ब्रदर्स तेरी मेहरबानियां 2'। सीक्वल 37 साल बाद बनने जा रहा है। तेरी मेहरबानियां की तरह इसमें भी फिल्म की कहानी कुत्तों के इर्दगिर्द होगी।
सुपरहिट हुई थी 'तेरी मेहरबानियां'
वर्ष 1985 में रिलीज फिल्म तेरी मेहरबानियां सुपरहिट रही थी। यह 1984 में रिलीज कन्नड़ फिल्म 'थालिया भाग्य' का हिंदी रीमेक थी और इसका निर्देशन विजय रेड्डी ने किया था। जैकी श्रॉफ, पूनम ढिल्लो, अमरीश पुरी, सदाशिव अमरापुरकर इस मूवी में मुख्य भूमिकाओं में थे, लेकिन बाजी मोती नामक डॉग ने मारी थी। सही मायनों में वह फिल्म का हीरो था और दर्शक उसे देख दीवाने हो गए थे। इस मूवी में कुत्ता अपने मालिक का बदला लेता है।
80 और 90 के दशक में बोकाड़िया ने कई हिट फिल्में बनाईं
केसी बोकाड़िया ने बतौर निर्माता और निर्देशक अस्सी और नब्बे के दशक में कई हिट फिल्में बनाईं। तेरी मेहरबानियां, प्यार झुकता नहीं, नसीब अपना अपना, कुदरत का कानून, आज का अर्जुन, फूल बने अंगारे, लाल बादशाह, हम तुम्हारे हैं सनम जैसी फिल्में उनके बैनर से निकली। अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, रेखा, जैकी श्रॉफ, श्रीदेवी, डिम्पल कपाड़िया, शिल्पा शेट्टी, शाहरुख खान, सलमान खान, माधुरी दीक्षित, जैसे सितारों के साथ उन्होंने काम किया। पिछले 20 साल से वे ज्यादा सक्रिय नहीं हैं और अब तेरी मेहरबानियां का सीक्वल बनाने जा रहे हैं।