महाराष्ट्र में इन दिनों मराठी-हिंदी भाषा विवाद छाया हुआ है। बीते दिनों मुंबई में हिंदी बोलने पर कई लोगों संग मारपीट की घटनाएं भी हुई। इस विवाद पर बॉलीवुड सेलेब्स ने चुप्पी साधे रखी। वहीं अब काजोल का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह पैपराजी पर हिंदी में बात करने का कहने पर भड़कती नजर आ रही हैं।
दरअसल, काजोल अपने 51वें जन्मदिन के मौके पर महाराष्ट्र स्टेट फिल्म अवॉर्ड्स 2025 में राज कपूर अवॉर्ड से सम्मानित हुई। इस अवॉर्ड को लेने के बाद काजोल ने मीडिया से बात की। इस दौरान वह मराठी में बात कर रही थीं। जब उन्हें हिंदी में बोलने को कहा तो काजोल ने साफ मना कर दिया।
काजोल से कुछ मीडियाकर्मी हिंदी में बोलने का कहते हैं तो वह गुस्से में कहती हैं, 'अब मैं हिंदी में बोलूं, जिसको समझना है, वह समझ ले।' काजोल का ऐसा रवैया देख कई यूजर्स नाराज हो गए हैं। कई यूजर्स काजोल पर हिंदी-मराठी भाषा विवाद को हवा देने का आरोप लगा रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, 'आपको फिल्में भी मराठी में बनानी चाहिए। बॉलीवुड हिंदी में क्यों है, सिर्फ मराठी कर दो।' एक अन्य ने लिखा, 'सभी हिंदी भाषी लोगों को इनकी फिल्में देखना बंद कर देना चाहिए, इन्हें खुद ही समझ आ जाएगा।'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'हिंदी फिल्में कर करके पैसे बना लिए और हिंदी बोलने का कहने पर फटे जा रहे हैं।' एक और यूजर ने लिखा, 'इनका टोन बता रहा है किया किसको कितना घमंड है और इनको हिंदी से कितना नफरत है।'
वर्क फ्रंट की बात करें तो काजोल हाल ही में फिल्म 'सरजमीं' में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन और इब्राहिम अली खान लीड रोल में थे।