ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने परिवार के साथ भाई सिद्धार्थ चोपड़ा की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई आई हैं। सिद्धार्थ चोपड़ा अपनी मंगेतर नीलम उपाध्याय संग शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। प्रियंका अपने सास-ससुर के साथ पहले ही भारत पहुंच गई थीं।
अब प्रियंका चोपड़ा के हसबैंड निक जोनास भी अपने साले की शादी अटेंड करने भारत आ गए हैं। निक मेंहदी और हल्दी समारोह में शामिल नहीं हुए थे। अब उन्होंने संगीत समारोह में चार चांद लगा दिए। सिद्धार्थ चोपड़ा के संगीत फंक्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
वायरल हो रहे एक वीडियो में अमेरिकी सिंगर निक जोनास स्टेज पर हिंदी गाना 'मान मेरी जान' गाते दिख रहे हैं। वहीं प्रियंका चोपड़ा जमकर थिरकती नजर आ रही हैं। समारोह में पहुंचे मेहमानों ने भी निक के गाने पर खूब तालियां बजाईं।
एक अन्य वीडियो में प्रियंका 'डार्लिंग' गाने पर जोरदार डांस करती नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस ने धन ते नान, बल्ले बल्ले और कई अन्य गानों पर भी परफॉर्म किया।
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास, संगीत सेरेमनी में ट्यूनिंग करते हुए दिखे। प्रियंका ने मशहूर डिजाइनर फाल्गुनी शेन पीकॉक की मिडनाइट ब्लू लहंगा स्कर्ट पहनी थी, वहीं निक भी फाल्गुनी की ही डिजाइन शानदार ब्लू शेरवानी में बेहद हैंडसम लग रहे थे।