Publish Date: Sat, 30 May 2020 (00:33 IST)
Updated Date: Sat, 30 May 2020 (00:35 IST)
इंदौर। देश के प्रमुख रेड जोन में शुमार इंदौर में शुक्रवार को कोरोना के 87 नए पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद शहर में कुल कोरोना पॉजिटिव संक्रमितों का आंकड़ा 3400 के पार चला गया है। इंदौर में 3 नई मौतों के बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 129 पर पहुंच गई। यह जानकारी रात जारी किए गए फाइनल मेडिकल बुलेटिन में दी गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण जड़िया ने कहा कि आज टेस्ट किए गए कुल सैंपलों की संख्या 1261 रही, जिसमें से 87 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि 1159 मरीजों में कोरोना के संक्रमण दिखाई नहीं दिए। इस तरह शहर में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 3 हजार 431 पर पहुंच गया है।
डॉ. जड़िया ने बताया कि गुरुवार को हमें कुल 1599 सैंपल प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक हमें कुल 34 हजार 738 सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। शुक्रवार को विभिन्न अस्पतालों से 102 मरीज डिस्चार्ज किए गए। इन्हें मिलाकर अब तक कोरोना से स्वस्थ होकर घर जाने वाले मरीजों की कुल संख्या 1775 हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न अस्पतालों में फिलहाल 1527 कोरोना पॉजिटिव मरीज उपचाररत हैं। शुक्रवार को संस्थागत क्वारेंटाइन (मैरेज गार्डन और हॉस्टल) से 174 व्यक्तियों को डिस्चार्ज किया। इन स्थानों से डिस्चार्ज होने वाले कुल व्यक्तियों की संख्या 3058 पर पहुंच गई है।