Publish Date: Fri, 10 Sep 2021 (15:38 IST)
Updated Date: Fri, 10 Sep 2021 (15:42 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आगामी 17 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता देश भर में एक विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीके के लिए प्रेरित करेंगे ताकि एक दिन में टीकाकरण के सभी पुराने रिकार्ड पीछे छूट जाएं।
अपने आवास पर इस अभियान की घोषणा करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश भर के पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता टीकाकरण में लोगों की मदद करेंगे।
पार्टी की ओर से चलाए जा रहे स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सहयोग देने के लिए दो लाख गांवों में चार लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि 43 दिनों में अभी तक पार्टी ने ऐसे 6.88 लाख स्वयंसेवक तैयार किए हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही ऐसे आठ लाख स्वयंसेवक तैयार हो जाएंगे। इस अवसर पर भाजपा महासचिव तरूण चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के दिन टीकाकरण के सभी रिकार्ड पीछे छूट जाएंगे।
चुग ने आगे कहा कि कोविड-19 महामारी की भावी लहर का सामना करने के लिए भाजपा के स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान से 18,000 चिकित्सक जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अक्टूबर महीने में स्वास्थ्य स्वयंसेवकों के लिए एक विशेष पाठ्यक्रम चलाएगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को भाजपा सेवा सप्ताह के रूप में मनाती है। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Fri, 10 Sep 2021 (15:38 IST)
Updated Date: Fri, 10 Sep 2021 (15:42 IST)