Corona Warrior : डेढ़ साल के बच्चे को घर छोड़कर दिल्ली पुलिस की सिपाही निभा रही है ड्‍यूटी

Webdunia
शुक्रवार, 24 अप्रैल 2020 (22:03 IST)
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग में आगे बढ़कर हाथ बंटा रहीं दिल्ली पुलिस की एक सिपाही मौसम यादव महामारी के बाद अपने जीवन में आए बदलाव के को लेकर बेहद खुश हैं। वह कहती हैं कि पहले परिवार के लोग और पड़ोसी उन्हें यह पेशा चुनने के लिए ताने देते थे, लेकिन अब वही लोग उनकी तारीफ करते नहीं थकते।
 
यादव कहती हैं कि जब महामारी फैलनी शुरू हुई तो उनके परिवार के सदस्यों ने उन्हें छुट्टी लेकर घर बैठने की सलाह दी थी, लेकिन वह मैदान में डटी रहीं। उन्होंने कहा, 'मैंने लोगों की सेवा के लिए खाकी वर्दी पहनी है। अगर मैं संकट के समय पीछे हट जाऊं, तो क्या फायदा?'
 
यादव 2014 में दिल्ली पुलिस में शामिल हुई थीं और उन्हें महरौली में तैनात किया गया था। 3 साल पहले उनकी शादी हुई और अब वह डेढ़ साल के बच्चे की मां हैं। उनके पति प्रवीण यादव गुड़गांव में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। हरियाणा के महेन्द्रगढ़ गांव की निवासी यादव के पिता हमेशा से चाहते थे कि उनकी बेटी पुलिसकर्मी बने।
 
उन्होंने कहा, 'दिल्ली पुलिस में जब मेरा चयन हुआ तो वह बहुत खुश हुए, लेकिन तब भी मेरे गांव के कई लोग मेरे पेशे की आलोचना करते थे और मुझे नीचा दिखाने का प्रयास करते थे। हालांकि, अब वही लोग मेरी तारीफ करते हैं।'
 
यादव ने कहा कि शादी के बाद भी उनकी उनके पेशे के लिए आलोचना की जाती थी। उन्होंने याद किया कि कैसे लोग उन्हें ताने देते थे और यह पेशा छोड़ने के लिए कहते थे। हालांकि देश में कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के बाद चीजें बदल गई हैं।
 
 जब से लॉकडाउन लागू हुआ है, तब से उनके पति घर से अपना काम कर रहे हैं और बेटे का ख्याल रख रहे हैं जबकि वह अपने काम पर निकल जाती हैं। फिलहाल उन्हें राष्ट्रीय राजधानी की सबसे व्यस्ततम जगहों में से एक अहिंसा स्थल पर तैनात किया गया है। वह शाम की ड्यूटी करती हैं, जो 2 बजे से शुरू होकर 8 बजे तक चलती है।
 
यादव ने कहा, 'मैंने शाम की ड्यूटी इसलिए चुनी ताकि काम पर जाने से पहले मैं अपने बच्चे की देखभाल कर सकूं। मैं जल्दी उठ जाती हूं। नाश्ता, दोपहर का खाना बनाती हूं और काम पर जाने से पहले अपने बच्चे को सुला देती हूं।'यादव की काम और परिवार के प्रति तत्परता पर अब उनके ससुराल वाले और मित्र भी गर्व करने लगे हैं।
 
उन्होंने कहा, 'उन्हें अब यह कहते हुए गर्व होता है कि उनकी बहू पुलिस में है। अब वे देख रहे हैं कि कैसे स्वास्थ्य कर्मी, डॉक्टर और पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से निपटने में जुटे हैं। खाकी के प्रति सोच में यह बदलाव आने से मुझे अपना काम बेहतर ढंग से करने और उसे महत्व देने में मदद मिली है।' (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

अंग्रेजी को लेकर शाह और राहुल के बीच क्‍यों उठा विवाद, क्‍या है भाषा को लेकर पूरा मामला?

1 लाख की गाड़ी के नंबर की कीमत 14 लाख, क्या है इस No की खूबी

यूपी में भाजपा मिशन 2027 में जुटी, टिकट के दावेदारों की तैयार होगी गोपनीय रिपोर्ट

ईरान में फंसी छत्तीसगढ़ की लड़की, पिता ने मोदी सरकार से लगाई यह गुहार

महाराष्ट्र के मंत्री पुत्र ने लगाई होटल की बोली, नहीं कर पाए राशि जमा, फिर क्या हुआ...

सभी देखें

नवीनतम

साइबरन्यूज के शोधकर्ताओं का कथन, दुनियाभर में अरबों लॉग इन जानकारियां ऑनलाइन लीक हुईं

योग दिवस पर बोले योगी आदित्यनाथ, योग स्वस्थ शरीर के साथ हम सबको स्वस्थ मस्तिष्क भी उपलब्ध कराता है

डोनाल्ड ट्रंप ने बताया, क्यों नहीं मिलेगा नोबेल शांति पुरस्कार

Weather Update: 22 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, इन 4 राज्यों को मानसून का इंतजार

योग दिवस पर राजनाथ की पाकिस्तान को चेतावनी, भारी पड़ेगा भारत पर आतंकी हमला

अगला लेख