बिहार में भी भाजपा को मात मिलेगी : नीतीश

Webdunia
मंगलवार, 10 फ़रवरी 2015 (17:52 IST)
पटना। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के हाथों भाजपा की करारी हार से उत्साहित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि राष्ट्रीय राजधानी का चुनावी जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में है। उन्होंने कहा कि भाजपा को ऐसी ही मात वर्ष के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में भी मिलेगी।
 
नीतीश ने कहा कि दिल्ली चुनाव का जनादेश सचमुच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में है। दिल्ली राष्ट्र का दिल है जहां देश के विभिन्न भागों से आए लोग रहते हैं। इसलिए यह चुनाव परिणाम केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार के खिलाफ देशवासियों के बदलते मूड को परिलक्षित करता है।
 
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बड़ी संख्या में रह रहे बिहार के लोगों ने आप के पक्ष में मतदान कर भाजपा के खिलाफ अपने निर्णय को प्रदर्शित किया है। नीतीश ने कहा कि नौ महीने की छोटी अवधि में नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ जनता का बदलता मूड चौंकाने वाला है।
 
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि हवाबाजी से काम नहीं चलेगा। कालाधन को वापस लाने, किसानों को बोनस देने, बिहार को सौ दिनों के भीतर विशेष राज्य का दर्जा देने के लुभावने वादे किए थे पर नौ महीने बीत जाने के बाद भी ऐसा कुछ भी दिखाई नहीं पड़ा।
 
पटना के 7 सकुर्लर रोड पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और श्याम रजक ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को दिल्ली विधान चुनाव में इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हैं और इतने बड़े जनादेश से पूरे देश को संदेश देने के लिये वे दिल्ली के समस्त मतदाताओं को धन्यवाद और बधाई देते हैं।
 
नीतीश कुमार ने कहा कि दिल्ली में आप के खिलाफ रूझान की चर्चा थी पर घड़ी का पेंडुलम सीधे एक तरफ से दूसरी तरफ चला गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के वैचारिक जनक जनसंघ का जन्म दिल्ली में हुआ था। 
 
प्रधानमंत्री ने दिल्ली में कई रैलियों को संबोधित किया और भाजपा द्वारा सभी निर्णय उनके नाम पर लिए गए। यह चुनाव परिणाम सचमुच प्रधानमंत्री के बारे में है।
 
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की जीत से संदेश स्पष्ट है कि देश की जनता न्याय के साथ विकास और मूलभूत सुविधाएं चाहती हैं। ईमानदार नेतृत्व चाहती है और अहंकार को अस्वीकार करती है।
 
नीतीश ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के बजाए वह ‘लव जिहाद’ और ‘घर वापसी’ जैसी विघटनकारी गतिविधियों में लिप्त रही है। चुनाव के दौरान दिल्ली में कई गिरजाघरों पर हमला किया गया।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान, ‘कर्ज उतारेंगे आप लोगों का’ पर चुटकी लेते हुए नीतीश ने कहा कि बिना अदा किए जनता से कितना कर्ज लेते रहिएगा।
 
भाजपा के खिलाफ महागठबंधन में आप का भी विलय करने के संबंध में पूछने पर इससे इनकार करते हुए नीतीश ने कहा कि वह अलग तरह की पार्टी है, उसे पुराने जनता परिवार के विलय की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जा सकता।
 
उन्होंने कहा कि सभी दल पुराने जनता परिवार का हिस्सा नहीं हो सकते पर उनसे तालमेल हो सकता है। नीतीश ने कहा कि दिल्ली चुनाव के बाद अगला पड़ाव बिहार होगा जहां भाजपा को वैसे ही परिणाम देखने को मिलेंगे।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली की तरह ही बिहार में राजनीति कर रही थी और उसे यहां ऐसे ही परिणाम देखने को मिलेंगे। नीतीश का इशारा पूर्व में भाजपा द्वारा आप विधायकों को दिल्ली में सरकार बनाने के लिए लुभाने की ओर था। (भाषा)
Show comments

जरूर पढ़ें

हिमाचल में सामने आई उड़ने वाली दुर्लभ गिलहरी, क्या है इसकी विशेषता

2011 से भी बड़ी तबाही आएगी 2025 में, सुनामी को लेकर एक महिला की भविष्यवाणी!

अब अमेरिका में ही बढ़ेगी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें

केजरीवाल ने शीश महल के रखरखाव पर हर महीने खर्च किए 31 लाख रुपए

वक्फ के बाद अब संघ की नजर ईसाइयों की भूमि पर

सभी देखें

नवीनतम

पश्चिम बंगाल में रामनवमी की धूम, हाईअलर्ट के बीच जुलूस और शोभायात्राएं, BJP और TMC के नेता हुए शामिल

Waqf amendment bill को लेकर सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका, जानिए क्या की गई मांग

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दी रामनवमी की शुभकामनाएं

किसान नेता जगजीत डल्लेवाल ने तोड़ा अनशन, केंद्रीय मंत्री शिवराज ने की थी अपील

MP : फर्जी हृदयरोग विशेषज्ञ ने किया इलाज, 7 लोगों की मौत, NHRC ने शुरू की जांच