Publish Date: Tue, 17 Feb 2026 (18:30 IST)
Updated Date: Tue, 17 Feb 2026 (18:32 IST)
स्थानीय निकाय चुनाव नजदीक आते ही गुजरात में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को गुजरात दौरे पर आ रहे हैं। वे साणंद, अहमदाबाद और गांधीनगर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। चुनाव से पहले होने वाली इस यात्रा को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
साणंद में पीएम मोदी सेमीकंडक्टर यूनिट में उत्पादन कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद अहमदाबाद और गांधीनगर में भाजपा संगठन के साथ बैठक कर स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान संगठन की मजबूती, बूथ स्तर की तैयारी और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले 19 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी गुजरात आएंगे। वे कमलम में राज्य नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, जिसमें चुनावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा में शामिल होंगे आप नेता राजू : इसी बीच राजनीतिक घटनाक्रम के तहत आम आदमी पार्टी के किसान नेता राजू करपड़ा 20 फरवरी को भाजपा में शामिल होंगे। कमलम में आयोजित कार्यक्रम में भूपेंद्रभाई पटेल और कृषि मंत्री जीतू वाघाणी के मौजूद रहने की संभावना है। चुनाव से पहले भाजपा का शीर्ष नेतृत्व राज्य में सक्रिय हो गया है, जिससे गुजरात की राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। पीएम मोदी का यह दौरा चुनाव अभियान के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
अहमदाबाद में रोड शो और जनसभा : भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री 28 फरवरी को अहमदाबाद में रोड शो और जनसभा भी कर सकते हैं। यह रैली राज्य की नगर निगम, नगरपालिका, जिला पंचायत और तालुका पंचायत चुनावों के लिए भाजपा के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री अहमदाबाद शहर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। साथ ही उत्तर गुजरात या सौराष्ट्र क्षेत्र के दौरे की भी संभावना जताई जा रही है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Tue, 17 Feb 2026 (18:30 IST)
Updated Date: Tue, 17 Feb 2026 (18:32 IST)