rashifal-2026

खोलो मन के द्वार : भारतीय स्थ‍िति-परिस्थ‍ितियों पर आधारित दोहा संग्रह

Webdunia
समीक्षक : एम.एम.चन्द्रा 
सामान्य से सामान्य लोग, चाहे वे अमीर हों या गरीब, शहरी हों या देहाती, पढ़े-लिखे हों या अनपढ़, सभी को कुछ याद हो या न हो कबीर के दोहे जरूर याद होंगे।  ये दोहे आज भी समाज में बड़े पैमाने पर बोले और गाए जाते हैं और भविष्य में भी गाए जाते रहेंगे।


पिछले कुछ दशकों से हिंदी साहित्य में विभिन्न विधाओं में दोहे पर बहुत कम कार्य हुआ है। लेकिन गोविंद सेन ने अपनी नवीन पुस्तक ‘खोलो मन के द्वार’  के माध्यम से नए विचार, बोध, शिल्प, भाषा, बिंब, प्रतिबिंब, नई शैली और नए सौंदर्यबोध का विकास किया है। 
 
भारत में अधिकांश बच्चे पढ़ने, खेलने की उम्र में मेहनत मजदूरी करने को मजबूर हैं या उनका बचपन किसी न किसी बोझ से दबा हुआ है। भारत का भविष्य रोता, बिलखता बचपन न जाने कितनी ही विसंगतियों, विकृतियों सीमाओं के कारण अपनी प्राकृतिक मुस्कान खो बैठा है। लेखक इस चुप्पी, बेचैनी, उदासियों को दूर करने का आवाहन करता है-
 
बौने हैं सभी बौने हैं भगवान
दुनिया में सबसे बड़ी बचपन की मुस्कान 
झरने, नदिया, घाटियां, हरियाली के धान 
मुक्त हस्त से बांटिए फूल, हंसी और मुस्कान 
 
गोविंद सेन ने आधुनिक सरकार की नब्ज को बहुत ही गहराई से पकड़कर उसको तार-तार किया है। सत्ता चाहे किसी की भी हो, जनता हमेशा पिसती है और उसके नेता सत्ता की मद में चूर होते हैं- 
 
सत्ता सुंदर है बड़ी, सत्ता है मगरूर 
सत्ता पा होते सभी, इसके मद में चूर 
सत्ता अब करने लगी, हत्यारों से प्रीत, आजकल भय भी है भयभीत 
 
दूसरी तरफ सत्ताधारियों को भी ललकारा है - 
रे मूरख! भूल मत सत्ता के दिन चार 
सच है अपना झोपड़ा भ्रम राजदरबार 
 
भारतीय नेताओं ने रंग-ढंग, चाल-चलन सब नए जमाने के अनुसार हो गए हैं। राजनीति अब सेवा नहीं मेवा है, जिसे लूटने के लिए शरीफ लोगों की नहीं, दुर्जन व्यक्तियों की आवश्यकता होती है -
 
भीतर बाहर हर तरफ मची हुए है लूट 
लोकतंत्र देने लगा दुर्जन को हर छूट 
 
पैसा उनका ज्ञान है, पैसा उनका धर्म 
लज्जित होते नहीं, करके काले कर्म 
 
लेखक ने पाठकों को उन लोगों की पहचान कराने की कोशिश की है जो थोड़ा-सा कार्य करके देशहित में न्यौछावर बताकर अमर हो जाने की कोशिश में लगे रहते हैं।
 
छोटी सी ऊंगली कटा बनते हैं शहीद 
ऐसे लोगों से हमें नहीं उम्मीद  
  
इसीलिए लेखक पाठकों को आलोचनात्मक दृष्टिकोण भी प्रदान करने की कोशिश करता है - 
 
दृष्टिहीन करने लगे, दृष्टियों का उल्लेख 
आंखें अपनी खोलकर, देख सके तो देख 
 
सत्ताधारी, नेता, लोभी व मुनाफा खोर मनुष्य को चारों तरफ से लूटने के लिए हर समय अपना नया पैंतरा और नया तरीका इजाद कर रहा है। लेखक गोविंद सेन ने अपनी संवेदना और लोक दृष्टि से पाठक की चेतना को विकसित करने में सफल कोशिश की है -
 
अच्छा मौका देख कर देगी आघात...
नए दौर की मकड़ियां, ऐसी चलती चाल 
नित्य नई तकनीक से, बुनती हैं वे जाल 
 
लेखक सिर्फ उदासियों की वाहवाही बयानगी मात्र नहीं करता बल्कि उत्पीड़न और बेदिली अदब के दौर में भी लेखक ने हार नहीं मानी -
 
पत्थर दिल इंसान ने तोड़े स्वप्न हजार
पागल मन फिर बुन सपनों का संसार 
चाहे कितना काटिये, बढ़ जाते हर बार 
नाखूनों ने आज तक, कब मानी है हार 
 
सत्ता का रंग बदलते ही सबसे पहले सत्ता सुख वाली मीडिया का रुख बदल जाता है। मीडिया सत्ता के रंग में पागल हाथी की तरह मदमस्त होकर जनता की भावनाओं को रौंदता हुआ आगे बढ़ता है। लेखक उनके मुनाफे की हवस को नंगा करता है -
 
बेच रहे हैं सनसनी, सारे चैनल आज 
तेज मसाला डालते, भूरे धोखेबाज 
रफू किया है इस तरह, गायब हैं अब छेद 
पकड़ न पाएगी आंख, कभी छेद का भेद 
 
वादे हैं वादों का क्या। सत्ता वादा करती है और मुकर जाती है। मनुष्य फिर वही भगवान के दर पर चला जाता है, जहां वह पहले भी लुटता आया है। लेखक बड़े ही साहस के साथ अपने समय और भगवान को चुनौती देता है -
 
कठिन दिनों से नित्य ही, जूझ रहा इंसान 
अच्छे दिन आखिर कहां, भटके हैं भगवान 
मंदिर-मस्जिद से जरा, बाहर आ भगवान 
गाजर मूली की तरह, कटे यहां इंसान 
 
लेखक को अपना पक्ष चुनना पड़ता है इसलिए अन्य लेखकों को भी गोविंद सेन कुछ आग्रह करते दिखाई देते हैं -
 
धनपतियों की शान में लिखे आपने लेख 
धनहीनों की जिंदगी अंधियारा भी देख
 
गोविंद सेन हमारे दौर के ऐसे लेखक हैं जिन्होंने रहीम, बिहारी, रसखान, कबीर इत्यादि की परंपरा को आगे बढ़ाने का सतत एवं सजग प्रयास किया है। उनके दोहे भाव, भाषा, बिंब एवं शैली नवीनता का अहसास कराती है। नव सृजन को एक नई पहचान दिलाने की अपनी यात्रा को जारी रखती है।
 
 
पुस्तक : खोलो मन के द्वार 
लेखक : गोविन्द सेन 
प्रकाशक : बोधि प्रकाशन 
कीमत : 60 रुपए

सर्दियों में सेहत और स्वाद का खजाना है मक्के की राब, पीने से मिलते हैं ये फायदे, जानें रेसिपी

सर्दियों में रोजाना पिएं ये इम्यूनिटी बूस्टर चाय, फायदे जानकर रह जाएंगे दंग

रूम हीटर के साथ कमरे में पानी की बाल्टी रखना क्यों है जरूरी? जानें क्या है इसके पीछे का साइंस

Winter Superfood: सर्दी का सुपरफूड: सरसों का साग और मक्के की रोटी, जानें 7 सेहत के फायदे

Kids Winter Care: सर्दी में कैसे रखें छोटे बच्चों का खयाल, जानें विंटर हेल्थ टिप्स

पैसे की असली कीमत

Guru Gokuldas: गुरु गोकुलदास जयंती: जीवन परिचय, 6 अनसुने तथ्य, महत्व और प्रमुख शिक्षाएं

स्वामी विवेकानंद की जयंती पर इस बार बंगाल में क्या खास है?

Typhoid In Hindi: टाइफाइड क्यों होता है, जानें कारण, लक्षण, उपचार और बचाव के उपाय

Paramahansa Yogananda: परमहंस योगानंद कौन थे?

अगला लेख