Hanuman Chalisa

लाल हरी नीली हुई, नखरैली गुलनार : होली के रसीले दोहे

Webdunia
पंकज सुबीर 
 
बरसाने बरसन लगी, नौ मन केसर धार ।
ब्रज मंडल में आ गया, होली का त्‍यौहार ।।
 
लाल हरी नीली हुई, नखरैली गुलनार ।
रंग-रंगीली कर गया, होली का त्‍यौहार ।।
 
आंखों में महुआ भरा, सांसों में मकरंद ।
साजन दोहे सा लगे, गोरी लगती छंद ।।
 
कस के डस के जीत ली, रंग रसिया ने रार ।
होली ही हिम्‍मत हुई, होली ही हथियार ।।
 

 
हो ली, हो ली, हो ही ली, होनी थी जो बात ।
हौले से हंसली हंसी, कल फागुन की रात ।।
 
होली पे घर आ गया, साजणियो भरतार ।
कंचन काया की कली, किलक हुई कचनार ।।
 
केसरिया बालम लगा, हंस गोरी के अंग ।
गोरी तो केसर हुई, सांवरिया बेरंग ।।
 
देह गुलाबी कर गया, फागुन का उपहार ।
साँवरिया बेशर्म है, भली करे करतार ।।
 
बिरहन को याद आ रहा, साजन का भुजपाश।
अगन लगाये देह में, बन में खिला पलाश ।।
 
सांवरिया रंगरेज ने, की रं गरेजी खूब ।
फागुन की रैना हुई, रंग में डूबम डूब।।
 
सतरंगी सी देह पर, चूनर है पचरंग ।
तन में बजती बांसुरी, मन में बजे मृदंग ।।
 
जवाकुसुम के फूल से, डोरे पड़ गये नैन ।
सुर्खी है बतला रही, मनवा है बेचैन ।।
 
बरजोरी कर लिख गया, प्रीत रंग से छंद ।
ऊपर से रूठी दिखे, अंदर है आनंद ।।
 
होली में अबके हुआ, बड़ा अजूबा काम ।
सांवरिया गोरा हुआ, गोरी हो गई श्‍याम ।।
 
कंचन घट केशर घुली, चंदन डाली गंध ।
आ जाये जो साँवरा, हो जाये आनंद ।।
 
घर से निकली सांवरी, देख देख चहुं ओर ।
चुपके रंग लगा गया, इक छैला बरजोर ।।
 
बरजोरी कान्‍हा करे, राधा भागी जाय ।
बृजमंडल में डोलता, फागुन है गन्नाय ।।
 
होरी में इत उत लगी, दो अधरन की छाप ।
सखियां छेड़ें घेर कर, किसका है ये पाप ।।
 
कैसो रंग डारो पिया, सगरी हो गई लाल ।
किस नदिया में धोऊं अब, जाऊं अब किस ताल ।।
 
फागुन है सर पर चढ़ा, तिस पर दूजी भांग ।
उस पे ढोलक भी बजे, धिक धा धा, धिक तांग ।।
 
हौले हौले रंग पिया, कोमल कोमल गात ।
काहे की जल्‍दी तुझे, दूर अभी परभात।।
 
फगुआ की मस्‍ती चढ़ी, मनुआ हुआ मलंग ।
तीन चीज़ हैं सूझतीं, रंग, भंग और चंग ।।
 
(समस्त दोहे : पंकज सुबीर)
Show comments
सभी देखें

जरुर पढ़ें

गर्मी में बेहतरीन स्वादिष्‍ट आम रस कैसे बनाएं, पढ़ें स्टेप बाय स्टेप विधि और खास कुकिंग टिप्स

B. R. Ambedkar Essay: बाबासाहेब अंबेडकर पर हिन्दी में आदर्श निबंध

मधुमेह रोगियों को नारियल पानी कब पीना चाहिए?

तपती गर्मी से राहत देगा आम का पन्ना, नोट करें विधि

घर पर बनाएं कीवी आइसक्रीम, जानिए इस सुपरफ्रूट के 6 हेल्दी फायदे

सभी देखें

नवीनतम

Jyotiba Phule: ज्योतिबा फुले कौन थे, सामाजिक सुधार में उनका क्या योगदान था?

Guru Arjun Dev Ji: गुरु अर्जन देव जी का इतिहास क्या है?

लाइन…हमारी महान परंपरा है, यह अनुशासन और धैर्य सिखाती है

South Direction Home Vastu Tips: घर की दक्षिण दिशा को इन 5 तरीकों से अशुभता से बचाएं

Summer health tips: लू और डिहाइड्रेशन से बचाने वाले 10 घरेलू पेय और हेल्थ टिप्स