आवश्यक सामग्री : 5 गिलास शरबत बनाने के लिए- 2 से ढाई किग्रा तरबूज, 1 नींबू, 1 कप बर्फ के क्यूब्स।
विधि : तरबूज का शरबत बनाने के लिए सबसे पहले तरबूज को धोकर काटिए और फिर इसके मोटे हरे भाग को काटकर अलग कर दीजिए। अब लाल वाले भाग को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सी में पीस लीजिए। थोड़ी देर बाद जब तरबूज का गूदा और रस बिलकुल घुल जाए, तब इस जूस को छलनी में छान लीजिए।
अब इस जूस में नींबू निचोड़कर अच्छे से मिलाइए और फिर इसे गिलासों में डाल दीजिए। ठंडा करने के लिए इसमें अपने अनुसार बर्फ डाल दीजिए और चाहें तो गिलास में शरबत के ऊपर 1-2 पुदीने की पत्तियां भी सजा दीजिए (यदि आपको इसमें मीठा कम लग रहा हो तो आप अपने स्वादानुसार इसमें चीनी मिलाकर इसे और अधिक मीठा भी कर सकते हैं, लेकिन चीनी मिलाने के बाद यह जूस अपना वास्तविक स्वाद खो देता है)
ठंडा-ठंडा तरबूज का शरबत तैयार है। अब इसे जितना मर्जी पीजिए और घर में सभी को पिलाइए।
यकीन मानिए इस शरबत को पीने के बाद आप बाजार में बिकने वाले बनावटी रंग और स्वाद वाली रंगीन पानी की बोतलों को छुएंगे भी नहीं ।