Publish Date: Tue, 24 Mar 2026 (19:52 IST)
Updated Date: Tue, 24 Mar 2026 (23:53 IST)
मिडिल एशिया में संकट के बीच दुनियाभर में ऊर्जा संकट छाया हुआ है। इस बीच गुजरात में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह के बाद पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। मध्यप्रदेश के रतलाम और इंदौर से भी ऐसी ही खबरें सामने आईं। इंदौर में भी पेट्रोल पंप पर कतारें देखी गईं। हालांकि स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसी किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। सामान्य स्थिति है। इस तरह की अफवाह फैलाने वालों पर एक्शन लिया जाएगा।
एलपीजी संकट के बाद अब रतलाम में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सोमवार रात से ही शहर के पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कई पंपों का स्टॉक खत्म हो गया और उन्हें समय से पहले बंद करना पड़ा। इसका असर मंगलवार को भी देखने को मिला, जब हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए।
अहमदाबाद समेत कई शहरों में सोमवार सुबह कुछ पेट्रोल पंप बंद होने की अफवाह फैल गई। इसके चलते वाहन चालक पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। शाम तक अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं।
भीड़ मानने को नहीं तैयार
शहर के कई पेट्रोल पंप पर पुलिस जवान तैनात किए गए। विजय नगर, और एबी रोड के दोनों पंप पर भारी भीड़ देखी जा रही है। कई जगह पुलिस बल को तैनात किया गया। अनाउंसमेंट करके भीड़ को कंट्रोल किया जा रहा है, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं है।
कलेक्टर ने कहा- पैनिक न हों
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने अपील करते हुए इंदौर के नागरिकों से अपील की। अफवाहों पर ध्यान न दे, इंदौर जिले में पर्याप्त पेट्रोल का स्टॉक है। किसी भी तरह की अफवाहों में न आये और पैनिक न हो। सोशल मीडिया पे अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
इंदौर जिले में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति की जा रही है। जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के डिपो में भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, जहां से लगातार डीलर्स को सप्लाई की जा रही है।
ईंधन आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है और कहीं भी किसी प्रकार की समस्या नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराहट में ईंधन का संग्रह न करें। जिले में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। Edited by : Sudhir Sharma