Publish Date: Fri, 27 Mar 2026 (14:13 IST)
Updated Date: Fri, 27 Mar 2026 (14:22 IST)
इंदौर में हादसों का सिलसिला नहीं थम रहा है। गुरुवार को एक बाप बेटे ने सॉफ्टवेअर इंजीनियर को रौंद दिया तो वहीं, शुक्रवार को एक फर्जी नंबर प्लेट वाली तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दो युवक 30 फीट ऊपर उछल गए। इस हादसे में इकलौते बेटे की मौत हो गई।
घटना इंदौर के एमजी रोड पर गुरुवार रात की है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें अनस अब्बासी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
30 फीट ऊपर उछल गए दोनों: पुलिस ने बताया कि घटना एमजी रोड की है। यहां एक अनियंत्रित गति से आ रही कार ने पीछे से एक्टिवा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक्टिवा पर सवार दोनों युवक उछलकर लगभग 30 फीट दूर जाकर फुटपाथ पर जा गिरे। इस हादसे में खजराना क्षेत्र के निवासी 23 वर्षीय अनस अब्बासी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनके साथ मौजूद 32 वर्षीय जुबेर के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर आया है। जुबैर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कार पर फर्जी नंबर प्लेट : पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को भी जब्त कर लिया है। मामले की प्राथमिक जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दुर्घटना करने वाली कार पर फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग किया जा रहा था। पुलिस अब इस दिशा में भी जांच कर रही है।
इकलौता बेटा था अनस : मृतक अनस अब्बासी पेशे से फोटोग्राफी का कार्य करता था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। अनस के पिता का देहांत भी करीब दो वर्ष पूर्व एक लंबी बीमारी के चलते हो गया था। परिवार में अनस ही रोजी रोटी का एकमात्र सहारा था।
Edited By: Naveen R Rangiyal