न्यूयॉर्क पुलिस के दो अधिकारियों की हत्या

Webdunia
रविवार, 21 दिसंबर 2014 (21:48 IST)
न्यूयॉर्क। अमेरिका में निहत्थे अश्वेत व्यक्तियों को पुलिस द्वारा मार गिराए जाने की घटना को लेकर हुए राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के कुछ ही हफ्तों बाद यहां गश्त लगाने वाली कार में मौजूद न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के दो अधिकारियों की एक अश्वेत व्यक्ति ने बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी और फिर उसी बंदूक से खुद को भी गोली मार ली।
 
मारे गए अधिकारियों की पहचान वेनजीन लियू और राफेल रामोस के रूप में की गई है। लियू सात साल से न्यूयॉर्क पुलिस विभाग में था जबकि रामोस दो साल पहले ही भर्ती हुआ था।
 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 28 वर्षीय बंदूकधारी की पहचान इस्माइल ब्रिंस्ले (अश्वेत) के रूप में की गई है जो 300 किलोमीटर से अधिक का सफर कर आया था।
 
उन्होंने बताया कि उसने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि एरिक गार्नर और माइकल ब्राउन नाम के दो अश्वेत लोगों की पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई हत्या के मद्देनजर वह पुलिस अधिकारियों की जान लेना चाहता है।
 
न्यूयॉर्क पुलिस के मेयर बिल डे ब्लासियो ने बताया, हालांकि हम अभी भी ब्यौरे जुटा रहे हैं, यह स्पष्ट है कि यह एक हत्याकांड है क्योंकि इन अधिकारियों की बदला लेने की शैली में हत्या की गई है।
 
उन्होंने कल के इस हत्याकांड पर एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, हमारा शहर शोक में डूबा हुआ है। हमारा दिल भर आया है। हत्याओं की निंदा करते हुए राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि उनकी हत्याओं को कतई जायज नहीं ठहराया जा सकता।
 
फिलहाल, छुट्टियां बिताने हवाई गए ओबामा ने कहा, आज रात मैंने लोगों से हिंसा और नुकसान पहुंचाने वाले शब्दों को खारिज करने को कहा है और घाव भरने वाले शब्द कहने को कहा है। मेयर ने कहा, इस व्यक्ति ने हमारे समूचे शहर पर हमला किया है।
 
न्यूयॉर्क पुलिस आयुक्त विलियम ब्रैटन ने बताया कि रामोस और लियू न्यूयॉर्क पुलिस के बेहतरीन पुलिस अधिकारियों में शामिल थे और उन्हें बगैर किसी चेतावनी के मार डाला गया, जब वे ब्रूकलीन में अपनी पुलिस कार में बैठे हुए थे। 
 
ब्रैटन ने बताया कि एक पुलिस कार में बैठे होने के दौरान अधिकारियों पर घात लगाकर हमला किया गया और हत्या कर दी गई। दोनों अधिकारियों ने समुदायों की हिफाजत करते हुए आज बड़ा बलिदान दिया है।
 
अधिकारियों ने बताया कि ब्रिंस्ले पुलिस की कार तक आया जिसमें दो अधिकारी बैठे हुए थे। उसने वाहन के बाहर से उन पर निशाना साधा। उसने यात्री के बैठने की ओर स्थित खिड़की से अधिकारियों के सिर और धड़ पर गोली चलाई। यह सब इतना अकस्मात हुआ कि अधिकारी अपने हथियार तक नहीं निकाल सके। मौके से एक अर्ध स्वचालित बंदूक बरामद की गई है।
 
ब्रैटन ने बताया कि ब्रिंस्ले ने कल सुबह बाल्टीमोर में अपनी पूर्व महिला मित्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था और उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया, वह पुलिस के सख्त खिलाफ है। 
 
अकाउंट में पुलिस के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। अश्वेत व्यक्ति गार्नर और ब्राउन के पुलिस के हाथों मारे जाने पर समूचे अमेरिका में हुए विरोध प्रदर्शन के कुछ दिनों बाद इन पुलिस अधिकारियों की हत्या हुई है। (भाषा)
Show comments

Reels पर तकरार, क्यों लोगों में बढ़ रहा है हर जगह वीडियो बनाने का बुखार?

क्या है 3F का संकट, ऐसा कहकर किस पर निशाना साधा विदेश मंत्री जयशंकर ने

कौन हैं स्‍वाति मालीवाल, कैसे आप पार्टी के लिए बनी मुसीबत, पिता पर लगाए थे यौन शौषण के आरोप?

रायबरेली में सोनिया गांधी की भावुक अपील, आपको अपना बेटा सौंप रही हूं

कांग्रेस, सपा सत्ता में आई तो राम मंदिर पर बुलडोजर चलाएंगी

छत्तीसगढ़ में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्‍या, फांसी पर लटका मिला एक अन्‍य शव

Lok Sabha Elections 2024 : दिल्ली की जनसभा में क्यों भावुक हो गए PM मोदी, देश की 140 करोड़ जनता को बताया अपना वारिस

पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने कांग्रेस में की वापसी

कोर्ट ने क्यों खारिज की विभव कुमार की जमानत याचिका, बताया कारण

दिग्विजय ने 400 पार के नारे पर उठाए सवाल, भाजपा पर लगाया संविधान बदलने का आरोप