Publish Date: Sun, 03 Dec 2017 (11:49 IST)
Updated Date: Sun, 03 Dec 2017 (12:14 IST)
सोल। दक्षिण कोरिया के पश्चिमी तट पर रविवार को मछली पकड़ने वाली एक नौका के ईंधन भरने वाले जहाज से टकराकर डूब जाने से 8 लोगों की मौत हो गई।
दक्षिण कोरियाई तटरक्षक बल के एक अधिकारी ने बताया कि नाव में 2 नाविक और 20 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि सोल के पश्चिम में इंचियोन के पास समुद्र में नाव की ईंधन भरने वाले पोत से टक्कर हो गई। पोत से टकराने के बाद नाव डूब गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग अब भी लापता हैं।
उन्होंने बताया कि 5 हेलीकॉप्टरों और 19 जहाजों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बचाए गए लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने कहा कि टक्कर के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। (वार्ता)