Publish Date: Fri, 21 Feb 2020 (07:19 IST)
Updated Date: Fri, 21 Feb 2020 (16:28 IST)
वॉशिंगटन। भारत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता बढ़ रही है, लेकिन उनकी कुछ नीतियां और व्यापार को लेकर उनके दृष्टिकोण लोगों को पसंद नहीं हैं। ट्रंप की भारत यात्रा से पहले गुरुवार को पीयू रिसर्च के एक नए सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आमंत्रण पर ट्रंप 24 और 25 फरवरी को भारत की यात्रा करेंगे। उनके साथ अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप भी होंगी। भारत में 24 जून से दो अक्टूबर, 2019 तक किए गए ग्लोबल एटिट्यूड सर्वेक्षण में 2,476 लोगों ने जवाब दिए।
सवालों के जवाब के आधार पर पीयू ने कहा है कि ज्यादातर भारतीयों का मानना है कि जब बात वैश्विक मामलों की आती है तो ट्रंप सही कदम उठाते हैं।
पीयू शोध समूह ने गुरुवार को जारी एक सर्वेक्षण रिपोर्ट में कहा कि ट्रंप को भारतीयों से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलती हैं लेकिन उनकी कुछ खास नीतियां और व्यापार को लेकर उनके दृष्टिकोण की भारतीय उतनी सराहना नहीं करते हैं।