IPL में 100वीं जीत दर्ज करने वाले धोनी पहले कप्तान, चेन्नई ने राजस्थान को 4 विकेट से हराया

Webdunia
शुक्रवार, 12 अप्रैल 2019 (00:36 IST)
जयपुर। कप्तान महेंद्रसिंह धोनी (58) और अंबाती रायुडू (57) के शानदार अर्द्‍धशतकों के बाद मिशेल सेंटनर के आखिरी गेंद पर लगाए गए जबर्दस्त छक्के से गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल-12 के बेहद रोमांचक मुकाबले में गुरुवार को अंतिम गेंद पर 4 विकेट से हरा दिया।
 
राजस्थान रॉयल्स ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में 20 ओवर में 7 विकेट पर 151 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया जबकि चेन्नई ने 6 विकेट पर 155 रन बनाकर जीत अपने नाम की। चेन्नई की सात मैचों में यह छठी जीत है और उसका शीर्ष स्थान मजबूती से बना हुआ है। दूसरी तरफ राजस्थान को 6 मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।
 
धोनी ने आईपीएल में कप्तान के रूप में अपनी 100वीं जीत हासिल की। धोनी और रायुडू ने पांचवें विकेट के लिए 95 रन जोड़े। रायुडू ने 47 गेंदों पर 57 रन में 2 चौके और 3 छक्के लगाए जबकि धोनी ने 43 गेंदों पर 58 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए।
 
लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की शुरुआत काफी खराब रही और उसने छठे ओवर तक अपने चार बल्लेबाज मात्र 24 रन तक गंवा दिए। शेन वॉटसन खाता खोले बिना पहले ही ओवर में धवल कुलकर्णी की गेंद पर बोल्ड हो गए। सुरेश रैना चार रन बनाकर अगले ओवर में रन आउट हो गए।
चेन्नई को तीसरा झटका 15 के स्कोर पर लगा जब जयदेव उनादकट ने फाफ डू प्लेसिस को राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच करा दिया। डू प्लेसिस 7 रन ही बना सके। केदार जाधव एक रन बनाने के बाद जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे। इन चार झटकों के बाद रायुडू और धोनी ने पारी को संवारने का काम शुरू किया।
 
रायुडू और धोनी ने टीम के 50 रन पूरे किए। चेन्नई के 100 रन 15 ओवर में पूरे हो गए। रायुडू ने उनादकट के पारी के 15वें ओवर में छक्का और चौका लगाकर अपने 50 रन 41 गेंदों में पूरे कर लिए। रायुडू 18वें ओवर में बेन स्टोक्स की गेंद पर सीमा रेखा पर श्रेयस गोपाल के हाथों लपके गए। रायुडू ने 47 गेंदों पर 57 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए।
अंतिम दो ओवरों में चेन्नई के लिए लक्ष्य काफी बड़ा हो चुका था, लेकिन धोनी के रहते चेन्नई की उम्मीदें बनी हुई थीं। धोनी ने 19वें ओवर में दो रन लेकर 39 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह आईपीएल में उनका 22वां अर्धशतक था।
 
19वें ओवर की आखिरी गेंद पर धोनी ने चौका लगाया और आखिरी 6 गेंदों पर 18 रन का आंकड़ा रह गया। अंतिम ओवर स्टोक्स के हाथों में था।
 
जडेजा ने पहली गेंद पर चौका मारा हालांकि इस शॉट को खेलते समय वे क्रीज पर गिर भी गए। धोनी ने आकर जडेजा का सर थपथपाया। स्टोक्स अगली गेंद नोबॉल डाल बैठे और फ्री हिट पर धोनी ने दो रन ले लिए, लेकिन स्टोक्स ने तीसरी गेंद पर धोनी को बोल्ड कर दिया। धोनी ने 43 गेंदों पर 58 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए। अब चेन्नई को तीन गेंदों पर आठ रन चाहिए थे।
 
स्टोक्स की चौथी गेंद पर नोबॉल को लेकर उलझन भरी स्थिति पैदा हो गई और धोनी गुस्से में मैदान पर आ गए, क्योंकि अंपायर ने नो बॉल से इंकार कर कर दिया था। पांचवीं गेंद पर दो रन बने और चेन्नई को आखिरी गेंद पर चौका चाहिए था। अंतिम गेंद वाइड पड़ी और मिशेल सेंटनर ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर जीत चेन्नई की झोली में डाल दी। सेंटनर 10 रन पर और जडेजा 9 रन पर नाबाद रहे।
 
इससे पहले राजस्थान की तरफ से कोई बड़ा स्कोर नहीं बना और लगभग हर बल्लेबाज ने टीम के लिए थोड़ा-थोड़ा योगदान दिया। बेन स्टोक्स ने 26 गेंदों पर एक चौके की मदद से सर्वाधिक 28 रन बनाए। जोस बटलर ने मात्र 10 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के के सहारे 23 रन बनाए।
 
राहुल त्रिपाठी ने 10, जोफ्रा आर्चर ने नाबाद 13, कप्तान अजिंक्या रहाणे ने 14, स्टीवन स्मिथ ने 15, रियान पराग ने 16 और श्रेयस गोपाल ने नाबाद 19 रन बनाये। गोपाल ने सात गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाया।
 
9वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्टोक्स के आउट होने के समय राजस्थान का स्कोर 127 रन था और उसका 150 तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था लेकिन गोपाल और आर्चर ने फिर कुछ उम्दा शॉट खेले और टीम को 151 तक पहुंचा दिया। गोपाल और आर्चर ने शार्दुल ठाकुर के आखिरी ओवर में 18 रन बटोरे।
 
चेन्नई की तरफ से दीपक चाहर ने 33 रन पर दो विकेट, ठाकुर ने 44 रन पर दो विकेट, रवींद्र जडेजा ने 20 रन पर दो विकेट और मिशेल सेंटनर ने 25 रन पर एक विकेट लिया।

सम्बंधित जानकारी

Show comments

रोहित और कोहली का T20I टीम में चयन क्या विश्व कप में भारत को भारी पड़ेगा?

लक्ष्य और चिराग को भारतीय टीम में जगह मिलने से सेन परिवार में खुशी का माहौल

क्या विराट और रोहित दिखेंगे सलामी बल्लेबाजी करते हुए? यह 5 सवाल उठे

धोनी के हस्ताक्षर वाली टीशर्ट आज भी दिल के करीब संजोकर रखी है सुनील गावस्कर ने

तुम लोग कुछ भी कहो, मैं नहीं रुकने वाला

ब्रिटेन में चुनाव लड़ेंगे इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर

T20 World Cup : इस वजह से नहीं बना सके रिंकू सिंह टीम में जगह

IPL 2024 : हर्षित राणा पर लगा बैन, हरकत वापस दोहराने की मिली सजा

T20 World Cup : रिंकू सिंह का क्या था कसूर? हार्दिक पर क्यों मेहरबान चयनकर्ता?

IPL 2024 MI vs LSG: लखनऊ ने मुबंई को 4 विकेटों से हराया

अगला लेख