IPL में दिल्ली कैपिटल्स की 2 विकेट से रोमांचक जीत, अगली टक्कर चेन्नई से

Webdunia
गुरुवार, 9 मई 2019 (00:04 IST)
विशाखापत्तनम। ओपनर पृथ्वी शॉ (56) के शानदार अर्धशतक के बाद विकेटकीपर ऋषभ पंत के विस्फोटक 49 रन से दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल-12 के एलिमिनेटर में बेहद रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हराकर टूर्नामेंट के दूसरे क्वालीफायर में जगह बना ली, जहां उसका 10 मई को इसी मैदान पर गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स से मुकाबला होगा।
 
सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट पर 162 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया लेकिन दिल्ली ने नाजुक उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए 19.5 ओवर में आठ विकेट पर 165 रन बनाकर पहली बार प्लेऑफ में जीत हासिल की। पंत ने 21 गेंदों पर 49 रन में 2 चौके और 5 छक्के लगाए। कीमो पॉल ने विजयी चौका मारा। दिल्ली और चेन्नई के बीच दूसरे क्वालीफायर की विजेता टीम 12 मई को फाइनल में मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।
 
दिल्ली ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की। शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ने अच्छे शॉट खेले और 6 ओवर के पॉवरप्ले में 55 रन जोड़ डाले। शिखर ने पारी के पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार पर 2 चौके लगाए लेकिन उसके बाद शिखर के मुकाबले युवा पृथ्वी ज्यादा तेजी से खेले। पृथ्वी ने खलील अहमद के पारी के तीसरे ओवर में 3 चौके जड़े। हालांकि चौथे ओवर में मोहम्मद नबी की गेंद पर बासिल थम्पी ने पृथ्वी का मुश्किल कैच छोड़ दिया। 
पृथ्वी ने फिर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर के पारी के पांचवें ओवर में 2 चौके और 1 छक्का मारा। इस ओवर में में 17 रन पड़े। पृथ्वी ने लेग स्पिनर राशिद खान पर चौका लगाया। दिल्ली को पहला झटका 66 के स्कोर पर लगा, जब ऑफ स्पिनर दीपक हुड्डा की गेंद पर विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने शिखर को स्टंप कर दिया। शिखर ने 16 गेंदों पर 17 रन में तीन चौके लगाए। 
 
शिखर का विकेट गिरने के बाद मैदान पर उतरे कप्तान श्रेयस अय्यर। पृथ्वी ने हुड्डा पर एक रन लेकर 31 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 50 रन पूरे कर लिए। पृथ्वी का आईपीएल में यह चौथा अर्धशतक था। 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 83 रन पहुंच चुका था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने राउंड द विकेट गेंदबाजी करते हुए अय्यर को साहा के हाथों कैच करा दिया। अय्यर ने 10 गेंदों में 8 रन बनाए।
 
खलील ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर पृथ्वी का विकेट लेकर खलबली मचा दी। दिल्ली का तीसरा विकेट 87 के स्कोर पर गिर गया। पृथ्वी ने 38 गेंदों पर 56 रन में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। दिल्ली ने अच्छी शुरुआत के बाद 21 रन के अंतराल में 3 विकेट गंवा दिए। पंत ने ऑफ स्पिनर नबी पर लांग ऑन पर 91 मीटर का गगनचुम्बी छक्का लगाकर दिल्ली पर छाया दबाव कुछ कम किया। 12 ओवर बाद दिल्ली का स्कोर 97 रन था। 
कॉलिन मुनरो ने विकेट के पीछे चौका निकालकर दिल्ली के 100 रन पूरे किए और 14वें ओवर में थम्पी पर छक्का मार दिया। लेकिन लेग स्पिनर राशिद खान ने अगले ओवर में मुनरो को पगबाधा कर दिया। मुनरो ने डीआरएस लिया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मुनरो ने 13 गेंदों में 14 रन बनाए और दिल्ली का चौथा विकेट 111 के स्कोर पर गिरा। अक्षर पटेल इसी ओवर में साहा के हाथों लपके गए और दिल्ली का पांचवां विकेट 111 पर ही गिर गया।
 
अब दिल्ली की सारी उम्मीदें पंत पर टिकी हुई थीं। पंत ने नबी पर छक्का लगाया। 17वें ओवर में भुवनेश्वर की पहली 4 गेंदों पर 2 सिंगल गए लेकिन पांचवीं गेंद पर शेरफेन रदरफोर्ड ने लम्बा छक्का मार दिया। इस ओवर में 8 रन गए और दिल्ली को अब अंतिम 18 गेंदों  पर 34 रन की जरूरत थी।
 
पंत ने 18वें ओवर में थम्पी की पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का मारा। तीसरी गेंद भी चौके के लिए जा चुकी थी। चौथी गेंद पर भी छक्का पड़ा। पहली चार गेंदों पर 20 रन पड़ चुके थे। इस ओवर में कुल 22 रन गए।
 
मैच में अभी ट्विस्ट बाकी था। 19वें ओवर की पहली गेंद पर रदरफोर्ड आउट हो गए। भुवनेश्वर ने यह विकेट लिया। रदरफोर्ड ने 12 गेंदों में 9 रन बनाए। पंत में 19वें ओवर में भुवनेश्वर पर छक्का मारा लेकिन पांचवीं गेंद पर आउट हो गए।
 
दिल्ली को अब 6 गेंदों पर 5 रन चाहिए थे। खलील अहमद की पहली गेंद वाइड थी। अगली गेंद पर सिंगल गया। दूसरी गेंद डॉट थी। तीसरी गेंद पर फिर एक रन गया। चौथी गेंद पर अमित मिश्रा क्षेत्ररक्षण में बाधा पहुंचाने के लिए आउट करार दिए गए। अब दिल्ली को अंतिम 2 गेंद पर 2 रन चाहिए थे। कीमो पॉल ने पांचवीं गेंद पर जैसे ही विजयी चौका मारा, पूरा दिल्ली खेमा ख़ुशी से उछल पड़ा।
 
इससे पहले हैदराबाद की पारी में किसी बल्लेबाज का बड़ा योगदान तो नहीं रहा लेकिन 5 बल्लेबाजों ने टीम के लड़ने लायक स्कोर में उपयोगी योगदान दिया। मार्टिन गुप्टिल ने 19 गेंदों में 1 चौके और 4 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 36 रन बनाए। मनीष पांडेय ने 36 गेंदों में 3 चौकों के सहारे 30 रन बनाए। कप्तान केन विलियम्सन ने 27 गेंदों पर 28 रन में सिर्फ दो चौके लगाए।
 
आलराउंडर विजय शंकर ने 11 गेंदों पर 25 रन में 2 चौके और 2 छक्के उड़ाए। मोहम्मद नबी ने 13 गेंदों पर 20 रन में 3 चौके और 1 छक्का लगाया। दिल्ली की तरफ से कीमो पॉल और ईशांत शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।

सम्बंधित जानकारी

Show comments

हार्दिक पंड्या के लिए नहीं हो रही मुश्किलें खत्म, वर्ल्ड कप से पहले लगा एक मैच का Ban

Impact Player Rule ने आल राउंडर से ज्यादा किया गेंदबाजों को प्रभावित: शाहबाज अहमद

Paris Olympics से ठीक पहले ट्रॉयल्स से गुजरना पड़ सकता है इन पहलवानों को

ICC Tournament में भारत से खेलने के मामले में पाकिस्तान मानसिक रूप से पिछड़ जाता है: मिसबाह

Sunil Chhetri Retirement : भारतीय कप्तान ने किया संन्यास का ऐलान, गोल के मामले में Ronaldo और Messi के साथ टॉप पर

नेशनल आइकॉन सचिन तेंदुलकर ने अपने बेटे अर्जुन के साथ डाला वोट, इन खिलाड़ियों ने भी किया अपने मताधिकार का इस्तेमाल

3 लगातार T20I मैच जीतकर इंग्लैंड की टीम ने पाकिस्तान को चटाई धूल

11 तारीख के बाद मैदान पर नहीं उतरी कोलकाता, हैदराबाद को मिला सिर्फ 36 घंटे का आराम

MS Dhoni के गगन चुंबी छक्के की मदद से जीती RCB, थाला ही बने बेंगलुरु की जीत की वजह

स्टार स्पोर्ट्स ने रोहित के आरोप से झाड़ा पल्ला, इस वीडियो से बढ़ा मामला जो हुआ वायरल

अगला लेख