Publish Date: Tue, 19 May 2026 (22:34 IST)
Updated Date: Tue, 19 May 2026 (22:19 IST)
स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने ऋतुराज गायकवाड़ का चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान के तौर पर समर्थन किया है, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आईपीएल 2026 में उनका बल्ला शांत रहा है। फ़्लेमिंग ने कहा, “मुझे लगता है कि ऋतुराज और अधिक कर सकता है। पहले उन्होंने करके दिखाया है। शीर्ष पर वह एक बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं। इस सीज़न उनके बल्ले से अधिक रन और वो गति नहीं मिली है जो उन्होंने अपने करियर में किया है। ये कुछ ऐसा है जिसका वह ख़्याल रखेंगे।”
सीएसके को सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को एक ओवर शेष रहते हुए पांच विकेट से हराया। अब उनका केवल एक ही मैच बचा है और पांच बार की चैंपियन लगातार तीसरे सीज़न प्लेऑफ़ की रेस से बाहर होने की कगार पर है। भले ही टीम को लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने की समस्या से जूझना पड़ा है, लेकिन गायकवाड़ की बल्लेबाज़ी आज के अति आक्रामक रूप के हिसाब से नहीं रही और ख़ास तौर पर पावरप्ले में ही ये देखने को मिला। सोमवार को पहले छह ओवर की समाप्ति पर वह 11 गेंदों में नौ रन बनाकर खेल रहे थे।
आईपीएल 2025 में गायकवाड़ को बाहर करने वाली चोट को याद दिलाते हुए फ़्लेमिंग ने कहा, “इस साल कम से कम वह पूरे समय उपलब्ध तो रहे। पिछले सीज़न तो वह यहां थे ही नहीं। इसे जज करना उचित नहीं होगा। हम खिलाड़ियों के इस ग्रुप के बारे में समझने की कोशिश कर रहे हैं और पर्दे के पीछे काफ़ी काम चल रहा है। क्रिकेट के सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक एमएस धोनी के इतने सालों तक फ्रेंचाइजी में होने के बाद ये काफ़ी बड़ा बदलाव है। इसमें थोड़ा समय लगने वाला है। लेकिन वह अच्छा काम कर रहे हैं। खिलाड़ियों के इस ग्रुप को वह काफ़ी सम्मान देते हैं और लगातार सीखते रहते हैं। मुझे इस बात पर कोई शक नहीं है कि आगे चलकर वह फ्रेंचाइजी के लिए एक अच्छे कप्तान बनेंगे।”इस सीज़न में पहली बार मैच वाले दिन धोनी मैदान पर थे। फ़्लेमिंग ने कहा कि उनकी अगले सीज़न को लेकर 44 वर्षीय धोनी से कोई बातचीत नहीं हुई है।
इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “नहीं, हम इस पर काम कर रहे हैं।” फ़्लेमिंग ने यह भी स्वीकार किया है कि इस सीजन टीम के ख़राब प्रदर्शन के बाद उनका ख़ुद का भविष्य टीम के मालिकों के हाथ में है। उन्होंने कहा, “मैं कहूंगा कि यह मैनेजमेंट की इच्छा होगी। मुझे पता है कि इस बारे में काफ़ी बात हो रही है, लेकिन एमएस का इस साल लगातार साथ रहना टीम के लिए काफ़ी अहम रहा और युवा खिलाड़ियों को इसका लाभ मिला। वह काफ़ी बड़ा हिस्सा हैं और खेले बिना भी उनका टीम पर बड़ा प्रभाव है। हमने काफ़ी अच्छी चीज़ें की हैं। हमने कुछ ऐसे खिलाड़ियों को लाया जो सीएसके का भविष्य बन सकते हैं। लेकिन मुझे पता है कि हमारा आंकलन परिणाम पर होता है। ये मैनेजमेंट का निर्णय होगा, मेरा नहीं।”
About Writer
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें