Publish Date: Fri, 29 Oct 2021 (22:37 IST)
Updated Date: Fri, 29 Oct 2021 (22:43 IST)
नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (प्रारंभिक) का आयोजन 10 अक्टूबर 2021 को किया गया था।
खबरों के अनुसार, यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021 का परिणाम यूपीएससी की वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर चेक किया जा सकता है। यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थी सिविल सर्विसेज (मुख्य) परीक्षा के लिए योग्य माने जाएंगे।
यूपीएससी मुख्य परीक्षा 2021 का आयोजन 7 जनवरी 2022 से 16 जनवरी 2022 तक किया जाना प्रस्तावित है। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले चुनिंदा अभ्यर्थियों को व्यक्तित्व परीक्षण/साक्षात्कार के लिए बुलाया जाता है।
इस साल केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 712 वैकेंसी के लिए यूपीएससी आईएएस प्री परीक्षा 2021 के लिए लगभग 10 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था।