IndvsAus 4th Test Day 4 : ऑस्ट्रेलिया के 7 विकेट पर 243 रन, कुल बढ़त 275 रन की

Webdunia
सोमवार, 18 जनवरी 2021 (11:03 IST)
ब्रिसबेन। भारत के अनुभवहीन युवा गेंदबाजों के एक और प्रभावी प्रदर्शन के बीच स्टीव स्मिथ के अर्द्धशतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने चौथे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन सोमवार को चाय तक 276 रन की कुल बढत बना ली। बारिश के कारण चाय का ब्रेक जल्दी लेना पड़ा। उस समय ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट पर 243 रन बनाए थे। गाबा की विकेट को देखते हुए अब कोई भी लक्ष्य बहुत मुश्किल होगा। गाबा पर चौथी पारी में सर्वोच्च लक्ष्य का पीछा करके जीत 1951 में वेस्टइंडीज ने हासिल की है, जब उसने 236 रन बनाए थे।
 
चाय के समय पैट कमिंस 2 और मिशेल स्टार्क 1 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लंच के बाद शॉर्ट गेंद पर स्मिथ को गली में लपकवाया। स्मिथ 74 गेंद में 7 चौकों की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए। रहाणे ने उनका कैच लपका।
 
इससे पहले सिराज ने शुरुआती सत्र में 31वें ओवर की तीसरी गेंद पर मार्नस लाबुशेन (22 गेंद में 25 रन) और आखिरी गेंद पर मैथ्यू वेड (0) को आउट किया। लाबुशेन ने दूसरी स्लिप में रोहित शर्मा को और वेड ने विकेट के पीछे ऋषभ पंत को कैच थमाया।
 
सिराज 15 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट ले चुके हैं। शार्दुल ठाकुर ने भी 14.1 ओवर में 41 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने दूसरे सत्र में कप्तान टिम पेन (27) और कैमरन ग्रीन (37) को पैवेलियन भेजा। पेन ने विकेट के पीछे पंत को और ग्रीन ने रोहित को कैच थमाया।
 
इससे पहले डेविड वॉर्नर और मार्कस हैरिस ने पहले विकेट के लिए 89 रन जोड़े। वॉर्नर ने 75 गेंद में 6 चौकों की मदद से 45 रन बनाए लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने उन्हें पगबाधा आउट किया। इसके बाद हैरिस 82 गेंद में 38 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर के बाउंसर का शिकार हुए जिनका कैच पंत ने लपका। हैरिस ने अपनी पारी में 8 चौके जड़े। (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Show comments

रोहित और कोहली का T20I टीम में चयन क्या विश्व कप में भारत को भारी पड़ेगा?

लक्ष्य और चिराग को भारतीय टीम में जगह मिलने से सेन परिवार में खुशी का माहौल

क्या विराट और रोहित दिखेंगे सलामी बल्लेबाजी करते हुए? यह 5 सवाल उठे

धोनी के हस्ताक्षर वाली टीशर्ट आज भी दिल के करीब संजोकर रखी है सुनील गावस्कर ने

तुम लोग कुछ भी कहो, मैं नहीं रुकने वाला

ब्रिटेन में चुनाव लड़ेंगे इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर

T20 World Cup : इस वजह से नहीं बना सके रिंकू सिंह टीम में जगह

IPL 2024 : हर्षित राणा पर लगा बैन, हरकत वापस दोहराने की मिली सजा

T20 World Cup : रिंकू सिंह का क्या था कसूर? हार्दिक पर क्यों मेहरबान चयनकर्ता?

IPL 2024 MI vs LSG: लखनऊ ने मुबंई को 4 विकेटों से हराया

अगला लेख