कोहली शतक से चूके, पहले दिन भारत का स्कोर 307/6

Webdunia
रविवार, 19 अगस्त 2018 (00:36 IST)
नाटिंघम। कप्तान विराट कोहली और उपकप्तान अजिंक्य रहाणे की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने इस श्रृंखला में बल्ले से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन आज छह विकेट पर 307 रन बनाए।
 
कोहली शतक से सिर्फ तीन रन से चूक गए। उन्होंने 152 गेंद में 97 रन बनाए। रहाणे भी तिहरे अंक की ओर बढ़ते दिख रहे थे लेकिन 81 रन पर आउट हो गए। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिये 159 रन की साझेदारी करके भारत के अच्छे स्कोर की नींव रखी। 
 
पहले दो टेस्ट में खराब बल्लेबाजी के बाद आज भारतीयों के प्रदर्शन में काफी सुधार देखने को मिला। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (35) और के एल राहुल (23) ने भी 60 रन की साझेदारी की। 
 
कोहली ने अपनी पारी में 11 चौके लगाए और 23वें टेस्ट शतक से तीन रन से चूक गए। लेग स्पिनर आदिल रशीद की गेंद पर पहली स्लिप में बेन स्टोक्स ने उनका कैच लपका। कोहली अपने कैरियर में दूसरी बार नर्वस नाइंटी का शिकार हुए।
 
इससे पहले रहाणे ने एक साल में पहला अर्धशतक जमाया लेकिन स्टुअर्ट ब्राड की गेंद पर एलेस्टेयर कुक को कैच देकर लौटे। रहाणे ने 131 गेंद की अपनी पारी में 12 चौके जड़े।
 
आखिरी घंटे में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर रहे ऋषभ पंत ने कुछ अच्छे स्ट्रोक्स लगाए। वह 22 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि हार्दिक पंड्या 58 गेंद में 14 रन बनाकर आखिरी गेंद पर जेम्स एंडरसन का शिकार हुए। उनका कैच स्लिप में जोस बटलर ने लपका। इससे पहले सुबह के सत्र में क्रिस वोक्स ने 15 ओवर में 45 रन देकर तीन विकेट लिए।
 
पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई भारतीय टीम के लिये शिखर धवन ने 35 रन बनाए और सलामी साझेदारी के लिए 60 रन जोड़े। इसके बाद दूसरे बदलाव के तौर पर आए वोक्स ने हालांकि शुरुआती तीन विकेट चटकाकर भारत पर दबाव बना दिया। 
 
भारत का स्कोर एक समय बिना किसी नुकसान के 60 रन था जबकि टीम ने तीन विकेट 22 रन के भीतर गंवा दिए। लंच के समय स्कोर तीन विकेट पर 82 रन था। 
 
केएल राहुल (23) उनकी इनकटर पर पगबाधा आउट हुए। चेतेश्वर पुजारा 31 गेंद में 14 रन बनाने के बाद वोक्स की गेंद पर हुक शाट लगाने के प्रयास में आउट किया।
 
बर्मिंघम टेस्ट के बाद टीम से बाहर किए गए धवन ने संयम दिखाते हुए 65 गेंदों का सामना करके अपनी पारी में सात चौके लगाए। भारत के 50 रन 17वें ओवर में पूरे हुए। ड्रिंक्स ब्रेक के बाद वोक्स ने कहर बरपाती गेंदबाजी करके भारतीय शीर्षक्रम की नींव हिला दी। धवन का कैच स्लिप में बटलर ने लपका।
 
दो ओवर बाद राहुल पगबाधा आउट हुए। डीआरएस का फैसला भी उनके पक्ष में नहीं गया। इसके बाद पुजारा का विकेट भारत को काफी महंगा पड़ा।
 
भारतीय टीम में आज तीन बदलाव करते हुए मुरली विजय की जगह धवन, कुलदीप यादव की जगह जसप्रीत बुमराह और दिनेश कार्तिक की जगह ऋषभ पंत को शामिल किया गया।

सम्बंधित जानकारी

Show comments

रोहित और कोहली का T20I टीम में चयन क्या विश्व कप में भारत को भारी पड़ेगा?

लक्ष्य और चिराग को भारतीय टीम में जगह मिलने से सेन परिवार में खुशी का माहौल

क्या विराट और रोहित दिखेंगे सलामी बल्लेबाजी करते हुए? यह 5 सवाल उठे

धोनी के हस्ताक्षर वाली टीशर्ट आज भी दिल के करीब संजोकर रखी है सुनील गावस्कर ने

तुम लोग कुछ भी कहो, मैं नहीं रुकने वाला

ब्रिटेन में चुनाव लड़ेंगे इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर

T20 World Cup : इस वजह से नहीं बना सके रिंकू सिंह टीम में जगह

IPL 2024 : हर्षित राणा पर लगा बैन, हरकत वापस दोहराने की मिली सजा

T20 World Cup : रिंकू सिंह का क्या था कसूर? हार्दिक पर क्यों मेहरबान चयनकर्ता?

IPL 2024 MI vs LSG: लखनऊ ने मुबंई को 4 विकेटों से हराया

अगला लेख