अमित मिश्रा के आगे पस्त हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाज

Webdunia
शनिवार, 29 अक्टूबर 2016 (19:11 IST)
विशाखापत्तनम। ओपनर रोहित शर्मा (70) और रन मशीन विराट कोहली (65) के अर्धशतकीय धूमधड़ाके के बाद लेग स्पिनर अमित मिश्रा (18 रन पर पांच विकेट) की चमक से भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें और निर्णायक वनडे में शनिवार को 190 रन से रौंदकर एकदिवसीय सीरीज 3-2 से जीतते हुए दीवाली का जश्न मना लिया।
 
भारत ने 50 ओवर में छह विकेट पर 269 रन बनाने के बाद न्यूजीलैंड को 23.1 ओवर में ही 79 रन में समेटकर दीवाली से एक दिन पहले देश में धूमधड़ाका कर दिया। भारत ने इस तरह न्यूजीलैंड को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराने के बाद एकदिवसीय सीरीज में 3-2 से हरा दिया। न्यूजीलैंड का इस हार के साथ भारत में पहली बार द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज जीतने का सपना टूट गया। 
भारत-न्यूजीलैंड मैच का स्कोरकार्ड 



 मिश्रा ने कहर बरपाते हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया। मिश्रा ने छह ओवर में मात्र 18 रन देकर पांच विकेट झटक लिए। वनडे में यह दूसरी बार है जब मिश्रा ने एक मैच में पांच विकेट लिए। न्यूजीलैंड ने रांची में जिस तरह चौथा वनडे जीता था उसे देखते हुए किसी को उम्मीद नहीं थी कि कीवी टीम इस कदर भारतीय स्पिनरों के सामने समर्पण कर जाएगी। 
              
मिश्रा ने जहां पांच विकेट झटके वहीं लेफ्टआर्म स्पिनर अक्षर पटेल ने 4.1 ओवर में नौ रन पर दो विकेट और पदार्पण मैच खेल रहे ऑफ स्पिनर जयंत यादव ने चार ओवर में आठ रन देकर एक विकेट लिया। न्यूजीलैंड की टीम दो विकेट पर 63 रन से 79 रन पर ढेर हो गए, जो उसका भारत के खिलाफ वनडे में सबसे कम स्कोर है। 
            
लेग स्पिनर मिश्रा ने रॉस टेलर (19), जेम्स नीशम (तीन), बीजे वाटलिंग (शून्य), टिम साउदी (शून्य) और ईश सोढी (शून्य) के विकेट लिए। पटेल ने कीवी कप्तान केन विलियम्सन (27) और मिशेल सेंटनर (चार) को आउट किया। यादव ने कोरी एंडरसन (शून्य) को निपटाया। 
         
भारतीय तेज गेंदबाजों उमेश यादव और जसप्रीत बुमराह ने दोनों कीवी ओपनरों को पैवेलियन भेजा। उमेश ने मार्टिन गुप्तिल (शून्य) को पहले ही ओवर में बोल्ड किया जबकि बुमराह ने खतरनाक टॉम लाथम (19) को छठे ओवर में आउट किया।  
 
न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाज तो खाता ही नहीं खोल पाए। कप्तान विलियम्सन ने 40 गेंदों पर चार चौकों की मदद से सर्वाधिक 27 रन बनाए। न्यूजीलैंड 15 वें ओवर में दो विकेट पर 63 रन बनाकर भारत के सामने चुनौती पेश कर रहा था लेकिन 16वें ओवर में मिश्रा ने टेलर और वाटलिंग को दो बेहद खूबसूरत गेंदों पर बोल्ड कर न्यूजीलैंड को जो झटका दिया, उससे मेहमान टीम फिर संभल नहीं पाई और उसका 23.1 ओवर में पुलिंदा बंध गया। 
             
इससे पहले भारत ने रोहित शर्मा (70) और विराट कोहली (65) के शानदार अर्धशतकों से भारत ने छह विकेट पर 269 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। भारत एक समय दो विकेट पर 190 रन बनाकर 300 से ऊपर के स्कोर की तरफ बढ़ता दिखाई दे रहा था लेकिन न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने 30 रन के अंतराल पर तीन विकेट निकालकर भारत पर अंकुश लगा दिया। भारत ने फिर संभलते हुए 50 ओवर तक अपना स्कोर 269 रन तक पहुंचा दिया।
                    
रोहित ने सीरीज के पहले चार मैचों में फ्लाप रहने के बाद आखिर अपनी लय में लौटते हुए 65 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन की शानदार पारी खेली। रोहित का यह 29वां अर्धशतक था। विराट ने अपनी शानदार फार्म बरकरार रखते हुए सीरीज में तीसरा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया। विराट ने 76 गेंदों पर 65 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया।
                     
चौथे नंबर पर उतरे कप्तान धोनी ने 59 गेंदों पर 41 रन की उपयोगी पारी में चार चौके और एक छक्का जड़ा। केदार जाधव ने मात्र 37 गेंदों पर नाबाद 39 रन की तेजतर्रार पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने 18 गेंदों पर 24 रन में एक चौका और छक्का जड़ा। 
 
ओपनर अजिंक्य रहाणे ने 39 गेंदों पर 20 रन में तीन चौके लगाए।   रोहित और रहाणे ने पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 40 रन की साझेदारी की। रोहित ने फिर विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए 12.4 ओवर में 79 रन जोड़े। विराट और धोनी ने तीसरे विकेट के लिए 15.3 ओवर में 71 रन की साझेदारी की।
                      
विराट और जाधव ने पांचवें विकेट के लिए 4.3 ओवर में 2 रन जोड़े जबकि जाधव और पटेल ने छठे विकेट के लिए 6.3 ओवर में 46 रन ठोके। जाधव और पटेल की साझेदारी काफी महत्वपूर्ण रही क्योंकि भारत ने दो विकेट पर 190 रन की मजबूत स्थिति के बाद 30 रन के अंतराल में धोनी, मनीष पांडे (शून्य) और विराट के विकेट गंवा दिए थे।
                      
रहाणे को जेम्स नीशम ने आउट किया। रोहित रनआउट से बचने की कोशिश में डाइव लगाकर खुद को चोटिल कर बैठे और फिर ट्रेंट बोल्ट की उठती गेंद पर पुल करने के प्रयास में डीप मिडविकेट पर नीशम को कैच दे बैठे। विराट और धोनी की साझेदारी अच्छी चल रही थी कि लेफ्ट आर्म स्पिनर मिशेल सेंटनर पर स्वीप करने की कोशिश में धोनी लाइन चूके और पगबाधा हो गए।
                      
पांडे ने ईश सोढ़ी पर अनावश्यक ऊंचा शाट खेलकर अपना विकेट गंवाया । विराट भी सोढ़ी की गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने की कोशिश में बाउंड्री पर मार्टिन गुप्तिल के हाथों लपके गए। भारत के पांच विकेट 220 रन पर गिर चुके थे लेकिन इसके बाद जाधव और पटेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कुछ बेहतरीन शाट खेले। पटेल आखिरी ओवर में बोल्ट की चौथी गेंद पर बोल्ड हुए।
                       
न्यूजीलैंड की तरफ से बोल्ट ने 52 रन पर दो विकेट, सोढ़ी ने 66 रन पर दो विकेट, नीशम ने 30 रन पर एक विकेट और सेंटनर ने 36 रन पर एक विकेट लिया। (वार्ता)
Show comments

हार्दिक पंड्या के लिए नहीं हो रही मुश्किलें खत्म, वर्ल्ड कप से पहले लगा एक मैच का Ban

Impact Player Rule ने आल राउंडर से ज्यादा किया गेंदबाजों को प्रभावित: शाहबाज अहमद

Paris Olympics से ठीक पहले ट्रॉयल्स से गुजरना पड़ सकता है इन पहलवानों को

ICC Tournament में भारत से खेलने के मामले में पाकिस्तान मानसिक रूप से पिछड़ जाता है: मिसबाह

Sunil Chhetri Retirement : भारतीय कप्तान ने किया संन्यास का ऐलान, गोल के मामले में Ronaldo और Messi के साथ टॉप पर

मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच ने बताया हूटिंग का हार्दिक पंड्या पर किस तरह असर पड़ा

हार्दिक पंड्या की नहीं हो रही मुश्किलें खत्म, वर्ल्ड कप से पहले लगा एक मैच का Ban

RCB vs CSK : बारिश की वजह से अगर ओवर घटे तो RCB के लिए यह होंगी शर्तें

क्या अगले साल मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेलेंगे रोहित शर्मा? MI के मुख्य कोच ने किया खुलासा

परवीन के निलंबन से भारत ने गंवाया ओलंपिक कोटा, 57 किग्रा में फिर से होगी कोटा हासिल करने की कोशिश

अगला लेख