Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

लद्दाख में एक करोड़पति उम्म‍ीदवार तो अनंतनाग में पांच

हमें फॉलो करें लद्दाख में एक करोड़पति उम्म‍ीदवार तो अनंतनाग में पांच
, सोमवार, 22 अप्रैल 2019 (17:23 IST)
जम्मू। लद्दाख लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे सात उम्मीदवारों में सिर्फ कांग्रेस के उम्मीदवार रिगजिन स्पालवार ही करोड़पति हैं। भाजपा के उम्मीदवार जामियांग सीरिंग नामग्याल चार वर्ष पुराने मानहानि के मामले का सामना कर रहे हैं।
 
स्पालवार सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। उनके पास पांच करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है और 60 लाख से अधिक की देनदारी है। स्पालवार दिल्ली दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं। भाजपा उम्मीदवार जामियांग सीरिंग नामग्याल जम्मू विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट हैं और उनकी पत्नी सरकारी कर्मचारी हैं। इनके पास करीब साढ़े पांच लाख की संपत्ति है। वहीं, असगर करबलाई के पास 25 लाख से अधिक की संपत्ति है। वह पूर्व विधायक हैं और पेंशन लेते हैं।
 
क्षेत्रफल के हिसाब से लद्दाख लोकसभा क्षेत्र देश की सबसे बड़ी संसदीय सीट है। जम्मू कश्मीर की छह सीटों में लद्दाख सीट में मतदाताओं की संख्या सबसे कम है। लद्दाख सीट में कुल 1 लाख 71 हजार 819 मतदाता है। कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों को छोड़कर कांग्रेस से विद्रोह करके पूर्व विधायक असगर करबलाई भी चुनाव मैदान में कूदे हैं। पत्रकार से राजनीतिज्ञ बने सज्जाद हुसैन को नेकां व पीडीपी का समर्थन हासिल है। लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास काउंसिल लेह के चेयरमैन नामग्याल भाजपा के उम्मीदवार हैं और साल 2015 में उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज हुआ था।
 
साल 2014 में भाजपा के उम्मीदवार थुप्पस्ट छेवांग ने चुनाव जीता था। उन्होंने कांग्रेस के असंतुष्ट उम्मीदवार गुलाम रजा को 36 वोटों से हराया था। छिवांग ने पिछले वर्ष नवंबर में यह कहते हुए अपने पद से त्याग पत्र दे दिया था कि लद्दाख के लोगों की मांगों का समाधान करने में भाजपा नाकाम रही है। बताते चलें कि फरवरी माह में लद्दाख को डिवीजन का दर्जा हासिल हो चुका है।
 
दूसरी ओर, अनंतनाग संसदीय सीट के लिए मैदान में उतरे 18 उम्मीदवारों में से 5 करोड़पति हैं। महबूबा मुफ्ती समेत दो महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। दो के खिलाफ संगीन आपराधिक मामले हैं तो पांच उम्मीदवारों पर देनदारी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पार्टी के उम्मीदवार जीए मीर 14 करोड़ की संपत्ति के साथ सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। नेकां के उम्मीदवार हसनैन मसूदी 8 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। पीपुल्स कान्‍फ्रेंस के उम्मीदवार चौधरी जफ्फर अली 2.32 करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर है।
 
निर्दलीय उम्मीदवार अली मोहम्मद वानी की संपत्ति 1.31 करोड़ व भाजपा के सोफी युसूफ की संपत्ति 1.17 करोड़ रुपए है। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की संपत्ति 89 लाख रुपए है। अनंतनाग संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.66 करोड़ रुपए है। यह जानकारी उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र भरने के दौरान दिए गए हलफनामे में दर्ज है। 
 
अठारह उम्मीदवारों में 2 महिला उम्मीदवार भी मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री व पीडीपी प्रधान महबूबा मुफ्ती के साथ रिदवाना सनम मैदान में दूसरी महिला उम्मीदवार हैं। वह प्रोफेशनल ग्रेजुएट हैं। वहीं भाजपा के उम्मीदवार सोफी युसूफ इकलौते अशिक्षित उम्मीदवार हैं। अन्य उम्मीदवारों में 2 आठवीं पास, 2 दसवीं पास, 3 बारहवीं पास, 5 ग्रेजुएट, 3 पोस्ट ग्रेजुएट व 2 प्रोफेशनल ग्रेजुएट हैं। पांच उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले हैं, इनमें से 2 के खिलाफ संगीन मामले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ मानहानि का मामला है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लोकसभा चुनाव 2019 : अमित शाह बोले, साध्वी प्रज्ञा को उम्मीदवार बनाना पूरी तरह से सही फैसला