Publish Date: Mon, 18 Mar 2019 (14:04 IST)
Updated Date: Mon, 18 Mar 2019 (14:07 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भोपाल से चुनाव लड़ने की अटकलें फिर तेज हो गई हैं। अभी दिग्विजय सिंह प्रदेश की किस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे ये भले ही न साफ हो, लेकिन इन सबके बीच दिग्विजय सिंह के एक ट्वीट के बाद सियासी नूराकुश्ती शुरू हो गई है।
दिग्विजय के किसी भी कमजोर सीट से लड़ने की चुनौती को स्वीकार करने पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने दिग्विजय को भोपाल से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि दो-दो हाथ करने के भोपाल आ जाएं। भोपाल आकर दिग्विजय पराक्रम दिखाएं, गौर ने दिग्विजय को नसीहत देते हुए कहा भोपाल सीट से चुनाव जीतना लोहे के चने चबाने की तरह है। यहां बीजेपी की जड़ें बहुत मजबूत हैं। यहां भूलकर नहीं आना। भोपाल सीट से सुरेश पचौरी, नवाब पटौदी जैसे कांग्रेस के कई दिग्गज नेता चुनाव हार चुके हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिग्विजय को प्रदेश की किसी सुरक्षित सीट की बजाय किसी कठिन सीट से चुनाव लड़ने की गुजारिश की थी। उसके बाद से ही कयास लगाए जाने लगे हैं। दिग्विजय भोपाल या फिर इंदौर से चुनाव लड़ सकते हैं, क्योंकि दोनों सीटों पर कांग्रेस को सालों से जीत नसीब नहीं हुई है।
About Writer
विशेष प्रतिनिधि
राजनीतिक, सामाजिक एवं समसामयिक मुद्दों पर देश के अलग-अलग हिस्सों से वेबदुनिया के विशेष प्रतिनिधियों की टीम प्रकाशन के लिए कंटेंट प्रेषित करती है। ....
और पढ़ें