Publish Date: Fri, 29 Mar 2019 (12:00 IST)
Updated Date: Fri, 29 Mar 2019 (12:12 IST)
कोरापुट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के कोरापुट में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान के दिन जब आप पोलिंग बूथ जाएंगे तो एक स्पष्ट मन बनाकर जाइएगा। आपको ये तय करना है कि आतंक के ठिकानों में घुसकर मारने वाली सरकार चाहिए, या फिर घबराकर बैठ जाने वाली सरकार।
उन्होंने कहा कि ओडिशा मजबूत तभी बनेगा जब यहां का आदिवासी, यहां का किसान, यहां का नौजवान, आगे बढ़ेगा। जब यहां और केंद्र में, दोनों ही जगहों पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार होगी।
पीएम मोदी ने कहा कि 2019 का चुनाव सिर्फ एक सांसद और विधायक का चुनाव नहीं है। ये चुनाव केंद्र और राज्य में विकास का डबल इंजन लगाने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकारों के चुनाव का समय है। ये आने वाले 5 वर्षों में नए ओडिशा और नए भारत के निर्माण का चुनाव है।
उन्होंने कहा कि आपको तय करना है कि जो सरकारें नक्सली हिंसा पर काबू नहीं पा सकतीं, जो उसके आगे कमजोर नजर आती हैं, उन्हें क्या सज़ा देनी है। आपको ये तय करना है कि निर्णय करने वाली सरकार चाहिए या सिर्फ नारे देने वाली सरकार। उन्होंने कहा कि आप लोगों तक विकास की पंचधारा पहुंचे यानि बच्चों को पढ़ाई, बुजुर्गों को दवाई, युवाओं को कमाई, किसानों को सिंचाई और जन-जन को सुनवाई, इसके लिए मैने पूरा प्रयास किया है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि दो दिन पहले ही, ओडिशा एक ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धि का गवाह बना है, जिसने पूरी दुनिया को भारत के सामर्थ्य से परिचित कराया है। भारत अब अंतरिक्ष में भी चौकीदारी करने में सक्षम है।