Publish Date: Sun, 08 Nov 2020 (00:23 IST)
Updated Date: Sun, 08 Nov 2020 (02:35 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के 28 सीटों के उपचुनाव के एग्जिट पोल में 14 से 16 सीटें भाजपा और 10 से 12 के आसपास कांग्रेस को मिल सकती हैं। अनुमान लगाया गया है कि 1 से 2 सीट अन्य को जा सकती है। राज्य में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनावों के लिए मतदान 3 नवंबर को हुआ था और 10 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। सर्वे के मुताबिक भाजपा को 46 फीसदी वोट तो वहीं कांग्रेस को 43 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है।
भाजपा को जोरदार सफलता : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 28 विधानसभा उपचुनावों में विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल के नतीजे बताते हैं कि भाजपा को जोरदार सफलता मिल रही है।
शर्मा ने ट्वीट किया कि एग्जिट पोल महज ट्रेंड बताते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अथक परिश्रम के बल पर परिणाम इससे भी बेहतरीन आएंगे।
जनता के पोल पर भरोसा : दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने अपने ट्वीट में कहा कि कांग्रेस को 'जनता के पोल' पर पूरा भरोसा है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के साथ है। उनका दावा है कि कांग्रेस सभी 28 सीटों पर जीत रही है और कांग्रेस की सरकार बनेगी।
सिंधिया के गढ़ में कांटे का मुकाबला : ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में कांटे की टक्कर है। यहां की 9 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस को 4 से 5 सीटें मिलती नजर आ रही हैं, जबकि मालवा में भाजपा बाजी मारती दिख रही है।