मध्यप्रदेश में कांग्रेस के 2 विधायकों पर चलती ट्रेन में शराब के नशे में महिला से छेड़छाड़ का आरोप
कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाह औऱ सुनील सर्राफ पर छेड़छाड़ के धराओं में केस दर्ज
Publish Date: Fri, 07 Oct 2022 (14:19 IST)
Updated Date: Fri, 07 Oct 2022 (14:26 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के दो विधायकों पर चलती ट्रेन में महिला के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा औऱ सुनील सर्राफ पर रेवांचल एक्सप्रेस में शराब के नशे में महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। महिला की शिकायत पर सागर जीआरपी ने दोनों विधायकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि कांग्रेस के दोनों विधायक शराब के नशे में थे और उन्होंने चलती ट्रेन मेंं उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की। महिला ने इसकी जानकारी फोन पर अपने पति को दी। जिसने पूरे मामले को लेकर पीएमओ, रेल मंत्री, रेलवे मंत्रालय और भोपाल डीआरएम को टैग कर ट्वीट कर शिकायत की। इसके बाद सागर जीआरपी ने महिला को अपनी सुरक्षा में भोपाल तक भेजा।
सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सर्राफ पर चलती ट्रेन में सीट को लेकर महिला के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ का आरोप लगा है। महिला ने पहले इसकी अपने पति को फोन पर दी, जिसके बाद महिला के पति ने ट्विटर के जरिए पीएमओ, रेल मंत्री अश्विन वैष्णव, जबलपुर तथा भोपाल डीआरएम को टैग कर सुरक्षा की मांग की। महिला के पति ने दोनों विधायकों का जिक्र करते हुए लिखा कि दोनों शराब के नशे में है। इसके बाद सागर में राजकीय रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल महिला को अपनी प्रोटेक्शन में लेकर भोपाल तक लाया।
वहीं कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और सुनील सर्राफा ने महिला के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने तो महिला की मदद की थी और वह किसी भी जांच के लिए तैयार है। कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि आरोप लगाने वाली महिला उनकी बर्थ पर सफर कर रही थी और उन्होंने महिला के नाते अपनी सीट महिला को दी थी। वहीं विवाद होने पर उन्होंने महिला को अपनी सीट पर जाने को कहा था।
वहीं कांग्रेस विधायकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद अब भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने घटना को दुर्भाग्यजनक बताते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक शराब के नशे में जिस तरह महिला के छेड़छाड़ की इस पर कमलनाथ को जवाब देना चाहिए। वहीं वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून का राज है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।