Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बड़ी खबर : कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को सौंपा इस्तीफा

हमें फॉलो करें बड़ी खबर : कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को सौंपा इस्तीफा
webdunia

विकास सिंह

, सोमवार, 9 मार्च 2020 (23:30 IST)
मध्य प्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर हुई कमलनाथ कैबिनेट की बैठक में मौजूदा सियासी हालात पर मंथन किया गया। बताया जा रहा कि कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रति आस्था जताते हुए अपना इस्तीफा उनको सौंप दिया। मंत्रियों के इस्तीफे सौंपे जाने के बाद अब आखिरी निर्णय मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेना है।

बैठक में कमलनाथ कैबिनेट के सीनियर मंत्री गोविंद सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, जयवर्धन सिंह समेत वरिष्ठ मंत्री शामिल थे। दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने के बाद भोपाल लौटे मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत सीनियर मंत्रियों के साथ बैठक की।

इसके बात रात करीब साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री निवास पर कैबिनेट की बैठक शुरु हुई जो करीब रात 11 बजे तक चली। सूत्र बताते हैं कि बैठक में सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रति आस्था जताते हुए उनके साथ रहने का संकल्प दोहराया।
 
ऐसे में मंत्रियों के इस्तीफे के बाद अब मुख्यमंत्री कमलनाथ इस पर आखिरी निर्णय लेकर कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। इसके साथ ही इस सिंधिया गुट के बाद कमलनाथ गुट का पलटवार और प्रेशर पॉलिटिक्स के तौर पर देखा जा रहा है।

कमलनाथ सरकार पूरे 5 साल चलेगी : बैठक के बाद बाहर निकले सीनियर मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि बैठक में 20 मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को अपने इस्तीफे सौंपे दिए। उन्होंने कहा कि मंगलवार शाम 5 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिस पर पूरे मुद्दे पर चर्चा होगी।

वहीं सज्जन सिंह वर्मा ने एक बार फिर कहा कि कमलनाथ सरकार पूरे पांच साल चलेगी। उन्होंने कहा, मंत्रियों ने एक सुर में मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रति आस्था जताते हुए कहा कि वह जो फैसला लेंगे सभी उनके साथ होंगे।

दिल्ली में हलचल बढ़ी : मध्य प्रदेश की राजनीति में उठापटक से दिल्ली में हलचल तेज हो गई है। एमपी में 'ऑपरेशन लोटस' के लिए मंथन जारी है। देर रात पूर्व भाजपा अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह के निवास पर बैठक चल रही है, जिसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‍डा के साथ नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद हैं। ये तीनों मध्य प्रदेश के सियासी भूचाल पर पैनी नजर रख रहे हैं।

राहुल ने की सोनिया से मुलाकात : मध्यप्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के बीच दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देर रात सोनिया गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं ने मप्र में कमलनाथ सरकार पर आए संकट और ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी के बारे में चर्चा की।

रात सवा 12 बजे राहुल दोबारा 10 जनपथ पहुंचे। इससे पहले सोमवार को ही दोपहर में कमलनाथ ने सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और उसके बाद वे भोपाल रवाना हो गए थे। भोपाल में कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह और सज्जनसिंह वर्मा के साथ देर रात एक मीटिंग भी की।

मध्यप्रदेश के सियासी ड्रामे के हाईलाइट्‍स
- सज्जन सिंह वर्मा ने कहा, सरकार पूरे 5 साल चलेगी
- ज्योतिरादित्य सिंधिया कहीं नहीं गए- सज्जन सिंह वर्मा 
- नए मं‍त्रिमंडल के गठन के लिए मुख्यमंत्री स्वतंत्र
- मंगलवार की शाम 5 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक
- कमलनाथ सरकार के 20 मंत्रियों ने इस्तीफे सौंपे 
- भोपाल की बैठक में सिंधिया खेमे के 6 मंत्री गैरमौजूद रहे

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Coronavirus Live Updates : जर्मनी में कोरोना वायरस से पहली बार 2 लोगों की मौत