राहुल गांधी कांग्रेस के लिए राहु बन गए, बोले सीएम शिवराज, कांग्रेस में चल रहा राहुलकाल
शिवराज ने राहुल पर लगाया ओबीसी वर्ग के अपमान का लगाया आरोप
Publish Date: Wed, 29 Mar 2023 (18:52 IST)
Updated Date: Wed, 29 Mar 2023 (18:57 IST)
भोपाल। अडानी के मुद्दे पर पीएम मोदी के खिलाफ हमला बोलने वाले राहुल गांधी पर अब भाजपा पूरी ताकत के साथ हमलावर हो गई है। चुनाव राज्य मध्यप्रदेश में भाजपा राहुल के बयान को ओबीसी समुदाय का अपमान बताकर अब उन पर हमलावर हो गई है। खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राहुल को लेकर जमकर हमला बोला। शिवराज ने राहुल गांधी को कांग्रेस के लिए राहु बता दिया।
सीएम शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी एक ऐसे नेता हैं जिनको ना तो राष्ट्र की जानकारी है और ना राष्ट्र नीति की। देश की जनता जानती है कि कांग्रेस देश के लिए समस्या है और कांग्रेस की समस्या राहुल गांधी हैं। राहुल गांधी कांग्रेस के लिए राहुल नहीं "राहु" बन गए हैं, पूरे देश में तो अमृतकाल चल रहा है कांग्रेस में राहुकाल चल रहा है।
शिवराज ने कहा कि गांधी-नेहरू परिवार के गुलाम नेता राहुल को जबरदस्ती राष्ट्रीय नेता बनाने पर तुले हुए हैं जबकि हकीकत, वास्तविकता है कि राहुल गांधी, गांधी नेहरू परिवार के सबसे असफल, सबसे कमजोर, गैर जिम्मेदार, लापरवाह और अहंकारी नेता है। अगर राहुल जी नेहरू गांधी परिवार से ना होते तो कहां होते, यह सारा देश जानता है बताने की जरूरत नहीं है।
शिवराज ने कहा कि अहंकार में डूबे हुए राहुल गांधी अलग अलग वर्गों का अपमान करते हैं, जातियों का अपमान करते हैं। राहुल गांधी जानते हैं कि पिछड़ा वर्ग उन्हें चुनौती नहीं दे सकता तो कुछ भी बोल दो? अंहकार में आकर उन्होंने पिछड़ों को गाली दी है और गाली भी ऐसी कि पूरी की पूरी जाति को उन्होंने चोर बता दिया ये अहंकार नहीं है तो क्या है राहुल गांधी बताएं?
राहुल के माफी नहीं मांगने पर सवाल उठाते हुए शिवराज ने कहा कि ये तो चोरी भी है और सीनाजोरी भी है। पिछलड़ा वर्ग कांग्रेस और राहुल गांधी को किसी भी हालात में माफ नहीं करेगा। अभी तो केवल राहुल की सांसदी और बंगला गया है। कांग्रेस ने अगर पिछड़ों से टकराने की कोशिश की तो एक दिन कांग्रेस का अस्तित्व भी चला जायेगा।
विकास सिंह
Publish Date: Wed, 29 Mar 2023 (18:52 IST)
Updated Date: Wed, 29 Mar 2023 (18:57 IST)