Publish Date: Fri, 26 Nov 2021 (18:35 IST)
Updated Date: Fri, 26 Nov 2021 (18:40 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी दो साल का समय शेष बचा है लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने चुनाव शंखनाद कर दिया है। आज राजधानी के मिंटो हॉल में हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के वोटर शेयर को 10 फीसदी बढ़ाने पर चर्चा हुई है।
कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि चुनाव तो हम जीतते ही हैं, लेकिन हमें अपना वोट शेयर बढ़ाना है। इसलिए हमें अपना वोट शेयर 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ाकर 51 फीसदी से ऊपर ले जाना है और यही संकल्प लेकर आगे बढ़ना है। इसके लिए हमें लोगों के मन जीतना होगा, हमारी केंद्र और राज्य सरकारों ने गरीब कल्याण की जो योजनाएं शुरू की हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना होगा। हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। छल-कपट की राजनीति करने वालों को जवाब देना है और 2023 में जीत का इतिहास बनाना है।
कार्यसमिति की बैठक में पास राजनीतिक प्रस्ताव में केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के कामकाज खासकर कोरोनाकाल में किए गए काम लेकर धन्यवाद दिया गया। गरीबों को मुफ्त अनाज और कोरोना वैक्सीनेशन के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद दिया गया।
कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा प्रदेश में 15 महीने तक चली कांग्रेस की सरकार प्रदेश को गर्त में ले जा रही थी। मुख्यमंत्री कोई और था और सरकार को चला कोई और रहा था। कांग्रेस के ही लोग ही अपनी सरकार पर आरोप लगाने लगे थे।
प्रदेश में 28 विधानसभाओं के उपचुनाव हुए और ये उपचुनाव प्रदेश को बचाने वाली सरकार को मजबूती देने वाले उपचुनाव थे। हमारे कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ नए साथियों के साथ समरसता से काम किया, बल्कि कड़ी मेहनत करके चुनावों में जीत हासिल की। हाल ही में हुए उपचुनाव में भी हमारे कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम तथा केंद्र और राज्य सरकारों की गरीब कल्याण की योजनाओं की बदौलत कांग्रेस से दो सीटें छीनकर इतिहास बनाया।