Publish Date: Wed, 11 Sep 2019 (15:28 IST)
Updated Date: Wed, 11 Sep 2019 (15:32 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस (Congress) और उसके सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता और पूर्व मंत्री गणेश नाईक ने त्याग पत्र दे दिया है। दोनों नेता भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में नेताओं के दल बदलने की खबरें सुर्खियों में हैं। हर्षवर्धन पाटिल की विदाई कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। वे 4 बार पुणे की इंदपुर सीट से विधायक रहे हैं। पाटिल 1995 से 2014 तक राज्य सरकार में मंत्री रहे हैं। 2009 के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता गणेश नाइक नवी मुंबई के कद्दावर नेता माने जाते हैं। नाइक करीब 15 सालों तक कैबिनेट मंत्री रहे हैं। खबरों के अनुसार आज दोनों नेता हर्षवर्धन पाटिल और गणेश नाइक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में भाजपा का हाथ थाम सकते हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों के दौरान महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को भाजपा-शिवसेना गठबंधन से बड़ी हार मिली थी। भाजपा को 23 और शिवसेना को 18 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि एनसीपी सिर्फ 4 और कांग्रेस महज 1 सीट पर जीत प्राप्त कर सकी थी।