महाराष्ट्र चुनाव को लेकर बोले अखिलेश यादव, महायुति के महादुखी काल का होगा अंत

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
सोमवार, 28 अक्टूबर 2024 (15:23 IST)
Maharashtra Elections: विपक्षी दलों के समूह 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (India) के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में दावा किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में संयुक्त और संगठित राजनीतिक रणनीति से भारतीय जनता पाटी (BJP) के नेतृत्व वाली 'महायुति' के 'महादुखी' काल का अंत होगा।
 
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर महाराष्ट्र के निवासियों और मीडियाकर्मियों को संबोधित एक अपील में सपा प्रमुख यादव ने महाराष्ट्र चुनाव में महायुति के खिलाफ एकजुटता दिखाने का आह्वान करते हुए दावा किया कि संयुक्त और संगठित राजनीतिक रणनीति से भाजपा के नेतृत्व वाली 'महायुति' के 'महादुखी' काल का अंत होगा।ALSO READ: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में रोचक होगा मुकाबला, आदित्य ठाकरे के खिलाफ मिलिंद देवड़ा मैदान में
 
उन्होंने इस अपील के सबसे अंत में प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि महाराष्ट्र के दुश्मनों को हराने के लिए और सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए वचनबद्ध और संकल्पबद्ध... आपका अखिलेश। अपने पोस्ट की शुरुआत में यादव ने कहा कि प्रिय महाराष्ट्रवासियो और मीडियाकर्मियों, आपकी जागरूकता से महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव 'महाराष्ट्र' को भाजपा की साजिशों से भरी तोड़-फोड की नकारात्मक राजनीति और सांप्रदायिक सियासी दांव-पेंचों से मुक्ति दिलाएगा।ALSO READ: Maharashtra Election : महाराष्ट्र में कांग्रेस ने जारी की दूसरी लिस्ट, अब तक 71 नामों का ऐलान
 
यादव ने कहा कि संयुक्त विपक्ष की सकारात्मक रणनीति और परस्पर समायोजन को भाजपा की नकारात्मक राजनीति समझ ही नहीं पा रही है। महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को धीरे-धीरे खत्म करने के भाजपाई षड्यंत्र का खुलासा महाराष्ट्र की जनता के सामने हो गया है।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र के समाज के ऐतिहासिक सौहार्द और भाईचारे को भी तोड़ा है और राजनीतिक दलों को भी। भाजपा चाहती है कि महाराष्ट्र को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से इतना कमजोर कर दिया जाए कि महाराष्ट्र के हाथ से देश के आर्थिक नेतृत्व की लगाम छीनकर किसी और के हाथ में दी जा सके।ALSO READ: महाराष्ट्र चुनाव : NCP शरद की पहली लिस्ट जारी, अजित पवार के खिलाफ बारामती से भतीजे को टिकट
 
उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता और महाराष्ट्र के हितों की रक्षा करने वाले मीडियाकर्मियों के बीच आई 'राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक चेतना' भाजपा की इस चाल को कामयाब नहीं होने देगी। यादव ने कहा कि महाराष्ट्र के मान-सम्मान, रोजी-रोटी, रोजगार, व्यापार और कारोबार के दुश्मनों को महाराष्ट्र के लोग हराएंगे। दागी और दगा देने वाले भाजपा के संगी-साथियों को करारी शिकस्त मिलेगी।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपाइयों ने महापुरुषों की मूर्तियों तक को नहीं छोड़ा। बच्चियों के मान को भंग करने वालों को राजनीतिक संरक्षण दिया। सपा प्रमुख ने जनता पर भरोसा जताते हुए कि महाराष्ट्र की जागरूक और तरक्कीपसंद जनता की संयुक्त शक्ति भाजपाई धोखेबाजी और खोखेबाजी दोनों को परास्त करेगी।
 
उन्होंने मीडिया से भी खास अपेक्षा करते हुए कहा कि आशा है महाराष्ट्र के दायित्वबोध से संपन्न निष्पक्ष मीडियाकर्मी भी लोकतंत्र के चतुर्थ स्तंभ की अपनी परंपरागत गौरवशाली भूमिका बखूबी निभाएंगे और किसी भी प्रकार के भ्रामक भाजपाई दुष्प्रचार को प्रचारित, प्रसारित और प्रकाशित होने से न केवल रोकेंगे बल्कि उसका मुखर खंडन भी करेंगे।
 
यादव ने कहा कि ऐसे सभी सच्चे समाचार-विचार चैनल, यूट्यूब चैनल और पत्रकारों के प्रयास सराहनीय हैं, जो साधन संपन्न न होते हुए भी अपने अदम्य साहस से भाजपा की महाराष्ट्र विरोधी राजनीति का लगातार पर्दाफाश कर रहे हैं। महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को चुनाव होंगे और 23 नवंबर को मतों की गिनती होगी।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

दिग्विजय और जीतू पटवारी पर FIR दर्ज, जानिए क्‍या है मामला...

ट्रंप को सता रहा है तीसरे विश्व युद्ध का खतरा, कमला हैरिस पर किया बड़ा हमला

लखनऊ के 10 होटलों को बम से उड़ाने की धमकी, 55 हजार डॉलर की मांगी फिरौती

अमित शाह ने बताया, बंगाल में कैसे स्थापित होगी शांति?

पीएम मोदी ने की डिजिटल अरेस्ट की चर्चा, बताया कैसे करें सुरक्षा?

अगला लेख