मुंबई पहुंचा सुमित सभरवाल का पार्थिव शरीर, अहमदाबाद में क्रैश प्लेन के थे कैप्टन
पवई के जल वायु विहार स्थित आवास पर पिता पुष्करराज ने दी बेटे कैप्टन सुमिन सभरवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
Publish Date: Tue, 17 Jun 2025 (10:20 IST)
Updated Date: Tue, 17 Jun 2025 (10:26 IST)
Captain Sumit Sabharwal : अहमदाबाद में पिछले सप्ताह दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल का पार्थिव शरीर मंगलवार को मुंबई लाया गया। उनका अंतिम संस्कार चकला विद्युत शवदाह गृह में किया जाएगा। सभरवाल लंदन जाने वाली एयर इंडिया के उस विमान के कैप्टन थे, जो 12 जून को अहमदाबाद में उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
सभरवाल के पार्थिव शरीर को एक ताबूत में रखकर विमान से सुबह मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंचाया गया। उनके परिवार के सदस्य शव को पवई के जल वायु विहार स्थित उनके आवास पर ले गए जहां पिता पुष्करराज ने अपने बेटे को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए एक घंटे तक सभरवाल के घर पर रखा जाएगा और बाद में उनका अंतिम संस्कार चकला विद्युत शवदाह गृह में किया जाएगा।
लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान (एआई-171) 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार एक यात्री को छोड़कर बाकी सभी की मौत हो गई, जबकि मेडिकल कॉलेज परिसर में मौजूद अन्य 29 लोगों की भी मौत हो गई।
इस विमान की कमान कैप्टन सभरवाल और उनके सहयोगी फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर संभाल रहे थे। डीजीसीए ने पहले एक बयान में बताया था कि सभरवाल के पास 8,200 घंटे उड़ान का अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे उड़ान का अनुभव था।
edited by : Nrapendra Gupta