सैफ अली खान मामले में नीतेश राणे के बिगड़े बोल, कचरा हटा देना चाहिए
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नीतेश राणे ने सैफ अली खान पर हमले पर सवाल उठाते हुए एक विवादित बयान दिया है।
Publish Date: Thu, 23 Jan 2025 (11:45 IST)
Updated Date: Thu, 23 Jan 2025 (12:04 IST)
Saif Ali Khan news in hindi : महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नीतेश राणे ने सैफ अली खान पर हमले पर सवाल उठाते हुए एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुंबई में बांग्लादेशी क्या कर रहे हैं। वे सैफ अली खान के घर में घुस गए। पहले वे सड़कों के चौराहे पर खड़े रहते थे, अब वे घरों में घुसने लगे हैं। शायद वे सैफ को ले जाने आए थे। यह अच्छा है, कचरा हटा देना चाहिए।
भाजपा नेता ने मामले की सच्चाई को छिपाए जाने का आरोप लगाया और विपक्ष पर कुछ लोगों के लिए ही आवाज उठाने का आरोप लगाया। इससे पहले शिवसेना नेता संजय निरुपम ने गंभीर हमले के बाद इतनी जल्दी सैफ की रिकवरी पर हैरानी जताई थी।
ALSO READ: सैफ अली खान की रिकवरी से संजय निरुपम हैरान, पूछा सवाल
राणे ने मामले की सत्यतता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सैफ अस्पताल से बाहर आए, तो मैंने तो देखा, उस पर संदेह हुआ। मुझे शक हुआ कि उन्हें चाकू मारा गया था या वह एक्टिंग कर रहे थे। वह चलते-चलते हंस-मुस्कुरा रहे थे। वे नाच रहे थे।
उन्होंने कहा कि जब भी शाहरुख खान या सैफ अली खान जैसे किसी खान को चोट लगती है, तो हर कोई इसके बारे में बात करना शुरू कर देता है। जब सुशांत सिंह राजपूत जैसे हिंदू अभिनेता को प्रताड़ित किया जाता है, तो कोई भी कुछ कहने के लिए आगे नहीं आता है।
गौरतलब है कि 16 जनवरी को एक शख्स ने मुंबई के बांद्रा स्थित घर में घुसकर सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया था। इस हमले में बुरी तरह घायल हुए सैफ अली खान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां सर्जरी के बाद उनके शरीर से 2.5 मीमी चाकू का टुकड़ा निकाला गया। अभिनेता ने इलाज के बाद 21 जनवरी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। सैफ पर हमले के आरोप में पुलिस ने मोहम्मद शरीफुल शहजाद को गिरफ्तार कर किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है और वह अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था।
edited by : Nrapendra Gupta