Publish Date: Sat, 02 May 2026 (12:19 IST)
Updated Date: Sat, 02 May 2026 (12:35 IST)
पुणे के नसरापुर में एक दिल दहला देने वाले घटनाक्रम में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने 4 वर्षीय मासूम की बलात्कार के बाद बेरहमी से हत्या कर की। बताया जा रहा है कि मासूम अपनी नानी के घर गर्मियों की छुट्टियां मनाने आई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद सैकड़ों गांव वाले पुलिस चौकी पर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बाद में भीड़ ने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे भारी ट्रैफिक जाम लग गया। प्रदर्शनकारी आरोपी को फांसी की सजा की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्ची को खाना देने का लालच देकर अपने साथ ले गया। वह उसे मवेशियों के बाड़े में बने एक छप्पर में ले गया और वहां उसने बच्ची का यौन शोषण किया। इसके बाद उसने मासूम की जान ले ली।
सीसीटीवी से खुला राज
जब बच्ची लापता हो गई तो उसके रिश्तेदारों ने उसे ढूंढ़ना शुरू किया। इस दौरान एक घर के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दिया।
क्या बोली सुप्रिया सुले?
एनसीपी शरदचंद्र पवार पार्टी की नेता सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि भोर तालुका के नसरापुर में एक नीच दरिंदे ने चार साल की मासूम बच्ची के साथ अत्याचार किया और उसकी हत्या कर दी। यह घटना अत्यंत क्रोधित करने वाली, दिल दहला देने वाली और मानवता पर एक काला धब्बा है।
उन्होंने कहा कि हमारा रुख स्पष्ट है कि आरोपी को कठोरतम दंड मिलना चाहिए। मैं माननीय मुख्यमंत्री जी से अनुरोध करती हूं कि कृपया गृह विभाग को इस अपराध की त्वरित जांच करने के निर्देश दें। इसके अलावा, हमारी मांग है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाए और अपराधी को सख्त से सख्त सजा मिले। इस घटना में असामयिक मृत्यु का शिकार हुई उस नन्ही बच्ची को भावभीनी श्रद्धांजलि।
सुप्रिया सुले ने बताया कि मैंने नसरापुर की इस अमानवीय घटना के संबंध में पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) से बात की है, जिसने मानवता को कलंकित कर दिया है। उन्होंने इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दरिंदे के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मैं इस मामले में सरकार और प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में हूं, और पीड़िता को न्याय सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें