Publish Date: Sun, 25 May 2025 (15:59 IST)
Updated Date: Sun, 25 May 2025 (16:05 IST)
Monsoon reached to mumbai : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र में पहुंच गया है। अगले तीन दिनों में इसके मुंबई और कुछ अन्य हिस्सों तक पहुंचने की उम्मीद है। महाराष्ट्र में तटीय कोंकण और मुंबई में पिछले दो दिनों से मानसून से पहले भारी बारिश हो रही है।
ALSO READ: दिल्ली पानी पानी, AAP ने शेयर की तस्वीरें, चार इंजन वाली सरकार को बताया फेल
आईएमडी ने कहा कि मानसून रविवार को अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, संपूर्ण गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी, तथा मिजोरम,मणिपुर और नगालैंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया। मानसून की उत्तरी सीमा देवगढ़, बेलगावी, हावेरी, मांड्या, धर्मपुरी, चेन्नई, आइजोल, कोहिमा से होकर गुजरती है।
आईएमडी के अनुसार, मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ अन्य भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसके अलावा मानसून के अगले तीन दिनों के दौरान बेंगलुरु सहित कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों तथा पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है।
सामान्य तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून तक केरल में दस्तक देता है तथा आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। मानसून 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू कर देता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस लौट जाता है। यह आमतौर पर सात जून के आसपास महाराष्ट्र और 11 जून को मुंबई पहुंचता है।
edited by : Nrapenra Gupta