Publish Date: Thu, 12 Sep 2024 (15:15 IST)
Updated Date: Thu, 19 Dec 2024 (15:16 IST)
Banswara tourist places in hindi: राजस्थान को रेगिस्तान, विश्व प्रसिद्ध नृत्य, झील और बेहतरीन देसी भोजन के लिए ही जाना जाता है, लेकिन एक ऐसी भी जगह है जो मध्यप्रदेश के रतलाम से मात्र 2 घंटे की दूरी पर स्थित है और यह खूबसूरत 100 द्वीपों का शहर है जिसका नाम है बांसवाड़ा। जंगल और जल की प्रचुरता के कारण इसे राजस्थान का चेरापूंजी कहते हैं। बांस और सागवान यहां बहुतायत में पाया जाता है। आओ जानते हैं इसके बारे में महत्वपूर्ण जानकारी।
1. बांसवाड़ा देश का एक मात्र ऐसा शहर है जहां करीब 100 द्वीप है। यह शहर माही नदी के किनारा बसा है।
2. यहां पर बारिश और गर्मी में घूमने का अलग ही आनंद है। मानसून में घूमने के लिए यह जगह बेस्ट है।
3. बारिश के मौसम में यहां की प्राकृतिक छटा देखते ही बनती है। चारों ओर हरियाली छा जाती है। हरे भरे पेड़ पौधे मन को लुभाते हैं।
4. यहां पर माही बांध, चाचा कोटा और कागदी पिकअप जैसी मनोहर जगह पर पर्यटन कर सकते हो।
5. बांसवाड़ा की स्थापना महारावल जगमालसिंह ने की जो राजस्थान के सुदूर दक्षिणांचल में अरावली की सुरम्य पहाड़ियों के बीच स्थित है।
6. मेवाड़, मालवा एवं गुजरात की संस्कृति का संगम स्थल बांसवाड़ा को सिटी ऑफ हण्ड्रेड आईलैण्ड्स के नाम से जाना जाता है।
7. महारावल जगमल सिंह की रानी लंची बाई द्वारा निर्मित आनंद सागर झील देखने लायक है। बाई तालाब के नाम से लोकप्रिय यह मीठे पानी की कृत्रिम झील है। इसी के साथ यहां पर डायलाब झील भी देख सकते हैं।
8. बाई तालाब के पास एक कल्प वृक्ष भी हैं। कहते हैं, जो भी यहां आकर कोई इच्छा मांगता है वह पूरी हो जाती है।
9. यहां पर शासकों की छतरियां, मंदिर और स्मारक भी देखने लायक है। पाराहेड़ा एक प्रसिद्ध शिव मंदिर, गढी तहसील में स्थित है।
10. तलवाड़ा से 3 किमी की दूरी पर चट्टानों से बनी बड़ी गुफाओं में शिवलिंग एवं अन्य प्रतिमाएं हैं। गुफा के तल में जलकुण्ड है जिसे रामकुण्ड कहते हैं। यहां एक बड़ी गुफा भी है मान्यता है कि वह गुफा घोटिया आम्बा तक जाती है।
11. बांसवाड़ा शहर के उत्तर-पूर्व में स्थित मदारेश्वर महादेव का मंदिर पर्वतमाला के भीतर गुफा में स्थित है जो अनोखे प्राकृतिक शिवलिंग स्वरूप के कारण श्रृद्धालुओं की मनोकामना का स्थल है।
12. छुट्टियां बिताने के लिए सिंगपुरा एक आदर्श स्थल है। सिंगपुरा में एक सुन्दर झील है, छोटी पहाड़ियां हैं, एक जंगल और चारों ओर हरियाली है तथा यहीं आपको घूमने के अन्य स्थानों से अधिक प्राकृतिक सुन्दरता देखने के अवसर मिलेंगे।
13. बांसवाड़ा के जुआ फॉल्स यानी जुआ झरने को देखने के लिए सबसे अच्छा समय बारिश का मौसम है, जब यहां प्राकृतिक रूप से पहाड़ियों से निकलने वाले झरनों को देखना बहुत ही मनमोहक है।
कैसे पहुंचे : राजस्थान के चित्तौड़ से बांसवाड़ा की दूर करीब 195 किलोमीटर है और मध्यप्रदेश के रतलाम से दूरी करीब 85 किलोमीटर है। आप यहां ट्रेन या बस से जा सकते हैं।
About Writer
WD Feature Desk
अनुभवी लेखक, पत्रकार, संपादक और विषय-विशेषज्ञों द्वारा लिखे गए गहन और विचारोत्तेजक आलेखों का प्रकाशन किया जाता है।....
और पढ़ें