Hanuman Chalisa

मेरा ब्लॉग : "आलसस्य परम सुखम "

अमित शर्मा
प्राचीन काल से ही आलस को सामाजिक और व्यक्तिगत बुराई माना जाता रहा है। "जो सोवत है, वो खोवत है" जैसी कहावतों के माध्यम से आलसी लोगों को धमकाने और "अलसस्य कुतो विद्या" जैसे श्लोकों के जरिए उनको सामाजिक रूप से जलील करने /ताने कसने के प्रयास अनंतकाल से जारी है।



लेकिन फिर भी आज तक (चैनल नहीं) आलस और आलसियों का वजूद "सेट मैक्स चैनल" पर "सूर्यवंशम फिल्म" की तरह जस का तस बना हुआ है, जो यह दर्शाता है कि बुराई का विरोध करने से वो ज्यादा बढ़ती है। इसलिए बुराइयों को कोसे नहीं, बल्कि प्यार से पाले-पोसे और बड़ा होने पर उनके हाथ पीले और गाल लाल करके घर से विदा कर दें।
 
दरअसल हर युग में अवतरित हुए जरुरत से ज्यादा (लेकिन आवश्यकता से कम ) "श्याणे-लोग" इस बात को समझने में नाकाम रहे हैं कि आलस कोई दुर्गुण नहीं है। बल्कि यह तो दुनियादारी और मोहमाया से मुंह मोड़ लेने (और हाथ-पैर तोड़ लेने) का एक आसान आध्यात्मिक तरीका है, जिसमें व्यक्ति बिना किसी को तकलीफ दिए, बिना किसी "गिव या टेक" के, सारे प्रलोभनों को ओवरटेक करके,"सिक्स-लेन" वाले "मोक्ष मार्ग" पर बिना कोई टोल टैक्स दिए अपनी गाड़ी और कल्पनाओं के घोड़े दौड़ा सकता है। जिस दिन जालिम दुनिया यह समझ लेगी, उसी दिन से सारी समस्याएं नेताओं की ईमानदारी की तरह छू मंतर हो जाएगी।
 
आलसी लोगों को चाहे कोई कितना भी भला-बुरा क्यों ना कहे, लेकिन वो उसका कभी बुरा नहीं मानते। क्योंकि बुरा मानने के बाद गुस्सा उपजता है, जो की झगड़े और कलह (और कलह से सुलह का रास्ता काफी दुर्गम होता है) को जन्म देता है, जिससे रिश्तों में दरार आने की संभावना रहती है। और इस दरार को रोकने के लिए वो "खम्बुजा-सीमेंट" की तरह काम करते हैं। टीवी विज्ञापनों में कई सीमेंट में जान बताई जाती है। ऐसे सारे विज्ञापन के खिलाफ ज्ञापन देने की जरूरत है,  क्योंकि दरअसल "जान" किसी सीमेंट में नहीं होती है बल्कि आलसी लोगो में होती है। संबंधों के लिए वो अपना "अहम" त्याग देते हैं लेकिन अपना आलस त्याग देंगे ऐसा "वहम" किसी कीमत पर नहीं उपजने देते है।
 
आज के भौतिकतावादी युग में सामाजिक मूल्यों को बनाए रखने में आलसी महापुरुष अपनी महती भूमिका निभा रहे हैं, क्योंकि जहां अधिकतर लोग सफलता मिलने के बाद बदल जाते हैं और इवन-डे पर अपनी मंहगी कार में और ओड-डे पर अपने अभिमान पर सवारी करने लगते हैं। वहीं आलसी लोगों से सभ्य समाज को ऐसा कोई खतरा नहीं है, क्योंकि काम और सफलता, इन दो शब्दों से आलसी लोगों का वहीं संबंध होता है, जो कि "लाल-किला बासमती चावल" से लाल किले का है । 
 
लेखक और प्रकाशक की "संयुक्त-गलती" से "काम और सफलता" जैसे शब्द आलसियों की डिक्शनरी में होते तो हैं लेकिन उन्हें देखते ही वो पेज पलट देते हैं ताकि उनकी किस्मत का पासा न पलट पाए और वो आलस के अलावा किसी अभिमान या स्वाभिमान का शिकार न हो पाए।
यहां पर यह "अस्पष्ट" कर देना जरूरी है कि आलसी लोग किसी भी कार्य या मेहनत से नहीं घबराते। उनको केवल इस बात का डर सताता है कि उनके काम करने से कहीं "सोने" के भाव कम ना हो जाए। ये लोग इतने दयालु और परहित स्वभाव के होते हैं कि हर क्षेत्र में बढ़ती हुई "गला-काट" प्रतिस्पर्धा को कम करने के उद्देश्य से काम ही नहीं करते हैं, ताकि "काबिल" लोगों को मौका मिले और वे सफल होकर "ड्यू डेट" से पहले अपने सभी "बिल" भर सके। इसके बदले इनको किसी सम्मान की आशा नहीं होती, बल्कि ये तो केवल इतना ही चाहते हैं की काबिल लोग अपनी सफलता का शोर मचा कर इनकी नींद न खराब करे। 
 
इसके अलावा आलसी लोगों पर कभी अपेक्षाओं और उम्मीदों पर खरा ना उतर पाने का आरोप नहीं लगता, क्योंकि सपने में भी इनसे कोई उम्मीद या अपेक्षा नहीं रखी जाती। ये कभी किसी का दिल भी नहीं तोड़ते क्योंकि इन्हे दिन-रात खटिया तोड़ने से ही फुर्सत नहीं मिलती। आलसी लोग बिना दब के, कब के, समाज के हर तबके में अपनी पैठ सियाचिन की बर्फ की तरह जमा चुके हैं। बॉलीवुड में ऐसे कई आलसी (हीरो) भरे हुए है जो पूरे साल में केवल एक ही फिल्म करते लेकिन चूंकि वे बड़े लोग है इसीलिए उनके आलस को परफेक्शन की पैकिंग में बेच दिया जाता है। कुछ डायरेक्टर्स तो इतने आलसी होते हैं की फिल्म की स्क्रिप्ट सिलेक्ट करने में ही 3-4 साल निकाल देते हैं। वैसे ये डायरेक्टर्स हिम्मत करके थोड़ा आलस और दिखाए तो सरकारें पंचवर्षीय योजनाएं बनाने और क्रियान्वित करने में भी इनकी मदद ले सकती है, ताकि सरकार और उनके मंत्री संसद के अंदर और बाहर थोड़ा और आराम से सो सके।
 
Show comments
सभी देखें

जरुर पढ़ें

Summer diet plan: गर्मी से बचने के लिए जानें आयुर्वेदिक पेय और डाइट प्लान

Nautapa 2026: रोहिणी नक्षत्र में सूर्य गोचर 2026: नौतपा के 9 दिनों में क्या करें और क्या न करें?

Nautapa health tips: नौतपा और स्वास्थ्य: बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष सावधानियां

गर्मी में शरीर को रखें ठंडा, रोज करें ये 3 असरदार प्राणायाम; तुरंत मिलेगा सुकून

शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग 'थाइमस', जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं, यह क्यों खास है हमारी सेहत के लिए

सभी देखें

नवीनतम

World No Tobacco Day: विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026: एक कदम तंबाकू से दूर, हजार कदम स्वास्थ्य की ओर

Ahilyabai Holkar जयंती: नारी शक्ति, न्याय और सेवा का प्रतीक महारानी अहिल्याबाई होलकर

Famous works of Nehru: जवाहरलाल नेहरू के 5 ऐसे बड़े कार्य जो नहीं कर सकता था कोई दूसरा पीएम

Savarkar Jayanti 2026: वीर सावरकर जयंती: काला पानी की यातनाएं झेलने वाले वीर क्रांतिकारी की गाथा

10 things about Nautapa: नौतपा से जुड़ी 10 खास बातें

अगला लेख