Publish Date: Sun, 31 Jan 2021 (15:18 IST)
Updated Date: Sun, 31 Jan 2021 (20:07 IST)
हावड़ा। पूर्व भाजपा अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रविवार को एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आते आते ममता जी अकेली खड़ी रह जाएंगी।
भाजपा नेता ने कहा कि ममता बनर्जी ने बदलाव का वादा करते हुए मां, माटी और मानुष का नारा दिया था, इस नारे का क्या हुआ। आज उनकी पार्टी के लोग उन्हें छोड़ रहे हैं। चुनाव आते आते ममता जी अकेली खड़ी रह जाएंगी।
उन्होंने कहा कि ममता दीदी की सरकार ने बंगाल की भूमि को रक्त-रंजित किया है। दीदी ने घुसपैठियों को बंगाल में घुसने की छूट दे रखी है। घुसपैठियों को सिर्फ नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बनने वाली भाजपा सरकार ही रोक सकती है।
अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी ने पिछले दिनों एक कागज भेजा है कि हम किसान सम्मान निधि योजना लागू करने के लिए सहमत हैं। दीदी आप किस बेवकूफ बना रही हो, सिर्फ कागज भेजा है, इसके साथ किसानों की सूची चाहिए, बैंक खाते का नंबर चाहिए। आपने ये कुछ नहीं भेजा।
उन्होंने कहा कि दीदी बंगाल की जनता को आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं मिलने दे रही, क्योंकि ये योजना मोदी जी ने शुरू की। मैं बंगाल की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा सरकार आने के बाद हम पहली कैबिनेट में प्रस्ताव करेंगे कि राज्य में ये योजना लागू हो।