Publish Date: Fri, 23 Feb 2024 (06:00 IST)
Updated Date: Fri, 23 Feb 2024 (00:22 IST)
Another case registered in Haldwani violence case : हल्द्वानी हिंसा के मामले में गुरुवार को 'मुख्य साजिशकर्ता' अब्दुल मलिक और उसकी पत्नी सहित 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने और आपराधिक साजिश रचने का एक नया मामला दर्ज किया गया। इससे पहले घटना के संबंध में 3 प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।
पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बनभूलपुरा में आठ फरवरी को अवैध मदरसे के ध्वस्तीकरण के दौरान भड़की हिंसा के मामले में चार और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या 78 हो गई है।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि मलिक और उसकी पत्नी साफिया उन छह लोगों में शामिल हैं जिनके खिलाफ आपराधिक साजिश रचने और अवैध रूप से प्लॉट काटने, निर्माण और जमीन के हस्तांतरण के लिए धोखाधड़ी से मृत व्यक्ति के नाम का इस्तेमाल करने का मामला दर्ज किया गया है।
हिंसा के मामले में 4 और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया : उन्होंने कहा कि उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी (आपराधिक साजिश), 417 (धोखाधड़ी) और 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले घटना के संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। इस बीच, हिंसा के मामले में गुरुवार को चार और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया। हल्द्वानी में हिंसाग्रस्त इलाके में लोगों को धन राशि बांटे जाने से संबंधित वीडियो के मुद्दे पर अधिकारी ने कहा कि पैसे बांटने वाले लोग हैदराबाद की एक गैर सरकारी संस्था के हैं।
उन्होंने कहा कि जांच से पता चला है कि संस्था हैदराबाद यूथ करेज के कुछ लोगों ने धन राशि बांटी। मीणा ने कहा, धन के स्रोत और उनके द्वारा वितरित की गई राशि की जांच की जा रही है। पुलिस और अन्य संबंधित विभागों द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें