Publish Date: Sun, 11 Feb 2024 (18:06 IST)
Updated Date: Sun, 11 Feb 2024 (18:10 IST)
Uttarakhand government demands additional central forces : यहां के बनभूलपुरा में 3 दिन पहले अवैध मदरसा तथा नमाज स्थल के ध्वस्तीकरण के दौरान भड़की हिंसा के मद्देनजर हालात से निपटने के लिए उत्तराखंड सरकार ने और केंद्रीय बलों की मांग की है। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए इंटरनेट सेवाएं भी बाधित रखी गई हैं जिससे अफवाहें न फैलें।
अधिकारियों ने यहां बताया कि गृह मंत्रालय से केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 100-100 जवानों वाली चार कंपनियों की मांग की गई है, जिससे हिंसाग्रस्त बनभूलपुरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को कायम रखा जा सके। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने इस संबंध में केंद्र को अनुरोध भेज दिया है।
शहर में करीब 1000 सुरक्षाकर्मी तैनात : उधर, बनभूलपुरा क्षेत्र को छोड़कर शेष हल्द्वानी में कर्फ्यू हटा दिया गया है। शहर में करीब 1000 सुरक्षाकर्मी पहले से ही तैनात हैं। बनभूलपुरा में दुकानें बंद हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है, जिसे बीच-बीच में सुरक्षाबलों की चहलकदमी तोड़ रही है।
इंटरनेट सेवाएं भी बाधित : संवेदनशील स्थिति को देखते हुए इंटरनेट सेवाएं भी बाधित रखी गई हैं जिससे अफवाहें न फैलें। 'मलिक का बगीचा' में बने अवैध मदरसे और नमाज स्थल को तोड़ने के लिए गुरुवार को मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अमले पर स्थानीय लोगों की भीड़ ने हमला बोल दिया था।
इस दौरान भीड़ में शामिल अराजक तत्वों ने छतों से पथराव किया, पेट्रोल बम फेंककर वाहनों में आग लगाई और बनभूलपुरा पुलिस थाने को फूंक दिया। बिगड़ते हालात को संभालने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसमें 6 दंगाइयों की मौत हो गई थी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें