Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

महाराष्‍ट्र में 2.5 साल बाद फडणवीस की सत्ता में वापसी तय, भाजपा में जश्न

हमें फॉलो करें महाराष्‍ट्र में 2.5 साल बाद फडणवीस की सत्ता में वापसी तय, भाजपा में जश्न
, गुरुवार, 30 जून 2022 (07:50 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के साथ ही भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस की सत्ता में वापसी का रास्ता साफ हो गया। 2.5 साल बाद फडणवीस की मुख्यमंत्री पद पर वापसी हो रही है। बहरहाल आज तय हो जाएगा कि फडणवीस कब मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और उनके मंत्रिमंडल का स्वरूप क्या होगा?
 
ठाकरे के इस्तीफे के बाद अब भाजपा शिवसेना के बागियों के समर्थन से राज्य में सरकार बना सकती है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल सकते हैं। वर्तमान विधानसभा में भाजपा के पास कुल 106 विधायक हैं। शिवसेना के बागियों और साथ ही कुछ निर्दलीय विधायकों के समर्थन से भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। सरकार बनाने के लिए 288 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 144 विधायकों का समर्थन जरूरी है।
 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के इस्तीफे की घोषणा के बाद भाजपा के कई विधायक और वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुंबई स्थित आवास पर एकत्रित हुए और एमवीए सरकार के गिरने पर एक-दूसरे को बधाई दी। इन नेताओं में से कई ने कहा कि फडणवीस जल्द ही राज्य की कमान संभालेंगे।
 
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे अब आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत के समय संयम बरतना चाहिए।
 
webdunia
भाजपा विधायक नितेश राणे ने कहा, 'फडणवीस हमेशा कहते थे कि वह सदन में लौटेंगे। अब, समय आ गया है। वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में वापसी करेंगे।'
 
शिंदे गुट आज तय करेगा आगे की रणनीति : शिवसेना के बागी विधायकों में से एक भरत गोगावले ने कहा कि वे गोवा के एक पांच सितारा होटल में बैठक करेंगे, जहां वे रात में ठहरेंगे। गोगावले ने कहा कि बैठक में वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद अपने अगले कदम पर चर्चा करेंगे।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Maharashtra : उद्धव ठाकरे ने फ्लोर टेस्ट से पहले ही CM पद से दिया इस्तीफा, भाजपा खेमे में जश्न, फडणवीस आज करेंगे अगले कदम की घोषणा