Publish Date: Sat, 07 Jul 2018 (17:50 IST)
Updated Date: Sat, 07 Jul 2018 (18:08 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के बुराड़ी में एक ही परिवार के 11 लोगों की रहस्यमयी मौत के मामले में रोज नए रहस्य उजागर हो रहे हैं। अब सीसीटीवी फुटेज से कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। भाटिया परिवार के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर ऐसा लगता है कि परिवार एक हफ्ते से विशेष हवन की तैयारियां कर रहा था।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि घर का हर सदस्य अलग-अलग सामान ला रहा है। इससे पुलिस अनुमान लगा रही है कि घर के सभी सदस्यों को अलग-अलग कार्य दिए गए थे। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' में छपी एक खबर के अनुसार पुलिस ने घर से 11 स्टूल, नए कपड़े और तार बरामद किए हैं जिनका प्रयोग हवन के लिए किया गया था। इसके अलावा पुलिस को घर से 5 सामान्य फोन और एक लॉक्ड आईपैड भी मिला है।
घर में पूजा की तैयारियां 26 जून से शुरू हो गई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि ललित के भाई भावनेश ने मंदिर में एक पुजारी से मुलाकात की थी। अगले दिन के वीडियो में दिख रहा है कि ललित हाथ में सीलबंद एक पैकेट के साथ जा रहा है जिसमें डॉक्टर टेप और कपड़े आदि थे।