Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 (16:11 IST)
Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 (16:47 IST)
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं कक्षा की गणित परीक्षा में एक ऐसी घटना घटी जिसने छात्रों और सोशल मीडिया को हैरान कर दिया है। 9 मार्च को हुई परीक्षा के प्रश्नपत्र पर छपे एक क्यूआर कोड (QR Code) ने उस वक्त हलचल मचा दी, जब उसे स्कैन करने पर गणित के सवालों के बजाय ब्रिटिश गायक रिक एस्टली का मशहूर गाना "नेवर गोना गिव यू अप" (Never Gonna Give You Up) चलने लगा।
क्या है पूरा मामला?
परीक्षा खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र की तस्वीरें वायरल होने लगीं। छात्रों ने दावा किया कि पेपर के एक कोने में मौजूद छोटे से क्यूआर कोड को जब मोबाइल से स्कैन किया गया, तो वह सीधे 1987 के इस ग्लोबल हिट सॉन्ग के वीडियो पर ले गया। इंटरनेट की दुनिया में इसे 'रिकरोलिंग' (Rickrolling) कहा जाता है, जो एक प्रसिद्ध प्रैंक (मजाक) है।
क्या कहा सीबीएसई ने
इस घटना के बाद पेपर लीक या सुरक्षा में चूक की अटकलें तेज हो गई थीं, लेकिन सीबीएसई (CBSE) ने तुरंत स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रश्नपत्र की गोपनीयता और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं हुआ है। यह क्यूआर कोड पेपर के मुख्य कंटेंट या सुरक्षा मानकों का हिस्सा नहीं था। बोर्ड मामले की जांच कर रहा है कि यह कोड वहां कैसे पहुंचा।
सोशल मीडिया पर आई मीम्स की बाढ़
जहां एक तरफ बोर्ड इसे तकनीकी विषय मान रहा है, वहीं छात्र इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कठिन गणित के पेपर के बीच इस 'म्यूजिकल सरप्राइज' ने तनावपूर्ण माहौल को थोड़ा हल्का कर दिया है। Edited by : Sudhir Sharma