मुंबई। टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस पी. मिस्त्री को गुरुवार को देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के अध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया और उनकी जगह ईशात हुसैन को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
टीसीएस ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि उसे टाटा संस से गुरुवार को ही हुसैन की नियुक्ति के संबंध में पत्र मिला। टाटा संस टीसीएस का सबसे बड़ा शेयरधारक है। टीसीएस ने कहा कि ऐसी स्थति में मिस्त्री गुरुवार से टीसीएस के निदेशक मंडल के अध्यक्ष नहीं हैं और हुसैन नए अध्यक्ष होंगे। उधर टाटा संस ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए मिस्त्री पर कई आरोप भी लगाए हैं जिससे दोनों के बीच ठनी तकरार और बढ़ने की संभावना है।
टाटा संस ने गत माह ही मिस्त्री को समूह के अध्यक्ष पद से हटाते हुए पूर्व अध्यक्ष रतन टाटा को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया था। टाटा संस अब अपनी अन्य महत्वपूर्ण कंपनियों के अध्यक्ष पद से मिस्त्री को हटाने में जुटी है। (वार्ता)